Baijnath News: वैकुंठ चौदस पर शिव मंदिर बैजनाथ में 20 हजार अखरोटों की बारिश

punjabkesari.in Tuesday, Nov 24, 2026 - 02:29 PM (IST)

बैजनाथ (सुरिन्द्र): वैकुंठ चौदस के पावन अवसर पर प्राचीन बैजनाथ शिव मंदिर में रविवार देर शाम अनोखी परंपरा के तहत अखरोटों की बारिश हुई। मंदिर के ट्रस्टी एवं स्थानीय व्यापारी घनश्याम अवस्थी द्वारा लगभग 20 हजार अखरोट मंदिर के गुंबद से श्रद्धालुओं पर बरसाए गए। मंदिर के गुंबद पर पुजारी गौरव शर्मा तथा मंदिर के कर्मचारियों में रवि कुमार तथा शशि कुमार ने अखरोट बरसाए। 

रात की आरती के उपरांत लोगों ने अखरोटों को इकट्ठा कर प्रसाद के रूप में ग्रहण किया। मंदिर के पुजारी सुरेंद्र आचार्य ने बताया कि इस परंपरा के पीछे एक पौराणिक कथा जुड़ी है। मान्यता है कि प्राचीन काल में शंकासुर नामक राक्षस ने इंद्रलोक पर कब्जा कर लिया था। देवताओं ने भगवान विष्णु से सहायता मांगी। भगवान विष्णु ने मत्स्य रूप धारण कर जलाशय से बीज मंत्रों को वापस लाकर देवताओं को प्रदान किया।

इन बीज मंत्रों से देवता पुनः शक्तिशाली हुए और उन्होंने शंकासुर पर विजय प्राप्त की। इस जीत की खुशी में देवताओं ने हीरे-जवाहरातों की वर्षा की थी। उसी स्मृति में बैजनाथ शिव मंदिर में हर वर्ष वैकुंठ चौदस पर अखरोटों की वर्षा की जाती है। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और पूरे क्षेत्र में केवल बैजनाथ शिव मंदिर में ही इस तरह की अखरोट वर्षा का आयोजन किया जाता है। श्रद्धालु इसे शुभ मानते हैं और मान्यता है कि जो भक्त इस दिन मंदिर में अखरोट प्राप्त करता है, उसके जीवन में समृद्धि और सौभाग्य का आगमन होता है।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News