Ram Mandir: राम मंदिर में बदला पूरा सिस्टम, दान-चढ़ावे की निगरानी हुई सख्त
punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 07:10 AM (IST)
अयोध्या (उ.प्र.) (एजैंसी): राम मंदिर में श्रद्धालुओं के दान-चढ़ावे की सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास ने निगरानी व्यवस्था सख्त कर दी है। न्यास के महंत दिनेन्द्र दास ने बताया कि 25 जुलाई से दान पेटियों को खाली करने से लेकर गणना तक की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि इसके लिए 8 सदस्यीय निगरानी टीम तैनात की गई है और 360 डिग्री कैमरों से हर गतिविधि रिकॉर्ड की जा रही है। मंदिर परिसर की करीब 40 दान पेटियों को एक साथ खाली करने के बजाय अलग-अलग दिनों में खाली किया जा रहा है। गणना कक्ष में अतिरिक्त सी.सी.टी.वी. कैमरे भी लगाए गए हैं। राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की जांच के बाद यह नई व्यवस्था लागू की गई है। मामले में पुलिस जांच जारी है और कई आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।
