Ram mandir News: अयोध्या में पिता हरिवंश राय के नाम पर धर्मशाला बनवाएंगे अमिताभ
punjabkesari.in Thursday, Sep 17, 2026 - 07:32 AM (IST)
अयोध्या (उ.प्र.) (एजैंसी): अभिनेता अमिताभ बच्चन ने अयोध्या में प्रस्तावित धर्मशाला के निर्माण के लिए अयोध्या विकास प्राधिकरण (ए.डी.ए.) को भवन-योजना प्रस्तुत की है। इसमें 20 से अधिक कमरे होने की संभावना है। धर्मशाला का नाम उनके पिता, प्रसिद्ध कवि और पूर्व राज्यसभा सदस्य हरिवंश राय बच्चन के नाम पर रखा जाएगा।
अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराग जैन ने मंगलवार को बताया कि प्रस्तावित धर्मशाला देश के विभिन्न हिस्सों से अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को आवास और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाएगी। उन्होंने कहा कि देशभर के प्रतिष्ठित लोगों ने अयोध्या के विकास में योगदान दिया है और इसी क्रम में अमिताभ बच्चन ने भी धर्मशाला के नक्शे के लिए आवेदन किया है।
जैन के मुताबिक प्रस्ताव को आपत्तियां आमंत्रित करने के लिए समाचारपत्रों में प्रकाशित किया गया है। निर्धारित समय-सीमा पूरी होने के बाद प्रस्ताव की जांच की जाएगी और नियमों के अनुसार मंजूरी दी जाएगी।
