Panchkoshi route green corridor project : पंचकोशी मार्ग बनेगा आकर्षक ग्रीन कॉरिडोर, 50 हजार पौधों से सजेगा पवित्र पथ
punjabkesari.in Friday, Aug 21, 2026 - 04:33 PM (IST)
Panchkoshi route green corridor project : सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए उज्जैन के पंचकोशी मार्ग को हरित, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर रौशन कुमार के मार्गदर्शन में पंचकोशी मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में करीब 50 हजार ऊंचे पौधे लगाए जा रहे हैं। इन पौधों की ऊंचाई करीब 10 से 12 फीट है, जिससे आने वाले समय में पूरा मार्ग आकर्षक ग्रीन कॉरिडोर के रूप में नजर आएगा।
पौधारोपण के साथ पंचकोशी मार्ग पर 12 उपवन भी विकसित किए जा रहे हैं। मार्ग से सटे गांवों में शांति वन तैयार किए जा रहे हैं, जहां पौधारोपण का काम तेजी से जारी है। इस अभियान में विभिन्न विभागों के साथ स्थानीय नागरिकों की भी भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। पौधों की सुरक्षा के लिए अस्बेस्टस ट्री गार्ड लगाए जा रहे हैं। इन ट्री गार्ड पर भगवान श्री महाकाल मंदिर और पंचकोशी यात्रा से जुड़े आकर्षक चित्रों की ब्रांडिंग की जा रही है। इससे पौधों की सुरक्षा के साथ मार्ग की धार्मिक और सौंदर्यात्मक छटा भी बढ़ेगी। पौधों की नियमित देखरेख और संरक्षण की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायतों, समितियों और गांव के वरिष्ठ नागरिकों को दी गई है।
वहीं, श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पंचकोशी मार्ग पर अन्य व्यवस्थाएं भी विकसित की जा रही हैं। प्रशासन का लक्ष्य सिंहस्थ-2028 के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित, सुगम और सुखद पंचकोशी यात्रा का अनुभव कराना है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ जनभागीदारी और स्वच्छ-सुंदर उज्जैन के संकल्प को भी मजबूत करेगी।
-विशाल ठाकुर, उज्जैन
