लव कुश रामलीला: नबीन ने किए श्रीराम के दर्शन, सांसद मनोज तिवारी बने केवट
punjabkesari.in Friday, Oct 16, 2026 - 03:15 PM (IST)
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): लाल किला मैदान में आयोजित लव कुश रामलीला में वीरवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पहुंचे और श्रीराम के दर्शन कर लीला का आनंद लिया। लीला में सांसद मनोज तिवारी ने केवट की भूमिका निभाई। लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण को गंगा पार कराने वाले भावपूर्ण केवट प्रसंग का विशेष आकर्षण रहा।
मनोज तिवारी ने केवट की भूमिका में मधुर आवाज और गीतों के माध्यम से रामलीला के वातावरण को भक्तिमय बना दिया। केवट प्रसंग के साथ सुमंत की वापसी, राजा दशरथ के देहावसान, भरत-कैकेयी संवाद तथा चित्रकूट में भरत मिलाप जैसे भावनात्मक प्रसंगों का मंचन किया गया। लीला दर्शन के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, सांसद प्रवीण खंडेलवाल, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद योगेंद्र चंदोलिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नितिन नबीन ने कहा कि रामलीलाएं भारतीय संस्कृति और परंपरा की सशक्त प्रतीक हैं। प्रभु श्रीराम का जीवन हमें आदर्श, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। हम सभी को उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए। कमेटी के महामंत्री सुभाष गोयल ने बताया कि अतिथियों एवं सांसदों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पवन गुप्ता, सत्यभूषण जैन, अखिल सिंघल, बृजमोहन गोयल सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
