राम मंदिर के रंगमहल बैरियर से बंद होगा वी.आई.पी. प्रवेश

punjabkesari.in Monday, Oct 12, 2026 - 11:41 AM (IST)

अयोध्या (इंट.): राम मंदिर में क्रॉसिंग-दो यानी रंगमहल बैरियर से वी.आई.पी. श्रद्धालुओं का प्रवेश बंद करने की तैयारी है। इसके स्थान पर मंदिर के उत्तर दिशा में बने जगद्गुरु रामानुजाचार्य द्वार से वी.आई.पी. श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जाएगा। 2 दिसम्बर को राम मंदिर ट्रस्ट की कार्यकारिणी की बैठक में प्रस्ताव पर मुहर लगने के बाद प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। योजना के तहत क्रॉसिंग-दो के रास्ते पर दीवार बनाई जाएगी। हालांकि, आवश्यक सामग्री की आवाजाही के लिए इसमें छोटा गेट रखा जाएगा। इसी मार्ग के पास यज्ञशाला स्थित है, जहां नियमित रूप से अनुष्ठान होते हैं।

इस फैसले से रंगमहल, जगन्नाथ मंदिर, लवकुश मंदिर और राम कचहरी के प्रबंधन से जुड़े महंतों ने राहत की उम्मीद जताई है। उन्हें राम मंदिर परिसर के विस्तार से अपने मंदिरों के अस्तित्व और परिसर पर असर पड़ने की आशंका थी। हालांकि, वी.आई.पी. आवागमन बंद होने से आम श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित होने की चिंता भी है। जगद्गुरु रामानुजाचार्य द्वार का निर्माण पहले ही हो चुका है, लेकिन इसका नियमित उपयोग शुरू नहीं हुआ है। इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में श्रीराम यंत्र स्थापना कार्यक्रम के दौरान इस मार्ग का इस्तेमाल किया गया था। 

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News