Mata Vaishno Devi news: तरुण चुघ माता वैष्णो देवी के दरबार में नतमस्तक, देश में शांति के लिए की प्रार्थना

punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 09:53 AM (IST)

जालंधर/अमृतसर (विशेष): भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं जम्मू-कश्मीर भाजपा प्रभारी तरुण चुघ ने अपनी मां कविता चुघ और पत्नी राधिका चुघ के साथ जम्मू स्थित माता वैष्णो देवी के पवित्र धाम में दर्शन किए और जगत मां भगवती वैष्णो देवी से आशीर्वाद लिया। उन्होंने क्षेत्र में शांति, समृद्धि तथा निरंतर विकास के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर चुघ ने कहा कि माता वैष्णो देवी का आशीर्वाद देशवासियों के लिए शक्ति और प्रेरणा का स्रोत है, जो राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और मजबूत करता है।

चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर शांति, स्थिरता और विकास के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे पवित्र स्थलों की आध्यात्मिक ऊर्जा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और एक मजबूत भारत के निर्माण के संकल्प को और दृढ़ करती है।

चुघ ने जोड़ा कि उन्होंने देश के प्रत्येक नागरिक के सुख-समृद्धि के साथ-साथ राष्ट्र में सद्भाव और एकता बनाए रखने के लिए प्रार्थना की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी आयु, उनके सशक्त नेतृत्व में आगे बढ़ते हुए भारत के मंगल और विकसित भारत के संकल्प की सफलता के लिए भी माता रानी से आशीर्वाद मांगा।

चुघ ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं से संवाद भी किया और यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने बेहतर सुविधाओं और सुचारु प्रबंधन की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में ऐसे प्रयास लगातार तीर्थ यात्रियों के अनुभव को बेहतर बना रहे हैं और विकसित भारत के संकल्प को साकार कर रहे हैं।

उधर, भाजपा में शामिल हुए 7 राज्यसभा सदस्यों को लेकर आम आदमी पार्टी की तरफ से उक्त सांसदों के घरों के बाहर प्रदर्शन करने के साथ-साथ गद्दार लिखने की निंदा करते हुए चुघ ने कहा कि हरभजन सिंह, अशोक मित्तल व राजिंदर गुप्ता ने अपनी मेहनत व कामयाबी से पंजाब का नाम रोशन किया है।
 
राजिंदर गुप्ता का ट्राईडैंट ग्रुप हजारों लोगों को रोजगार दे रहा है जबकि अशोक मित्तल द्वारा स्थापित एल.पी.यू. हजारों छात्र शिक्षित होकर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। इसके अलावा हरभजन सिंह ने क्रिकेट के जरिए देश ही नहीं विदेशों में भी भारत व पंजाब का  नाम रोशन किया है। इसलिए यह पंजाब के स्टार हैं जिन पर हर पंजाबी को गर्व है।

उन्होंने कहा कि ‘आप’ में अब कई नेताओं का दम घुटने लगा है जिस कारण वे अब पार्टी छोड़ रहे हैं।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News