Nagarasu Gurudwara News : नगरासू गुरुद्वारा प्रकरण का अमन-चैन के साथ समाधान, सभी निहंग शांतिपूर्वक गंतव्य के लिए रवाना
punjabkesari.in Wednesday, Jun 24, 2026 - 10:16 AM (IST)
देहरादून (ब्यूरो): नगरासू स्थित गुरुद्वारा साहिब में उत्पन्न हुए विवाद का समाधान जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा सिख समुदाय के धार्मिक एवं प्रबुद्ध जनों के समन्वित प्रयासों से शांतिपूर्ण ढंग से कर लिया गया है। सफल संवाद के बाद सभी निहंग सिख यात्री गुरुद्वारा परिसर से नीचे उतरकर शांतिपूर्वक अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए हैं।
विवाद के उपरांत कुछ निहंग सिख यात्री गुरुद्वारे की छत पर चले गए थे तथा उन्होंने छत तक पहुंचने वाले मार्ग को बंद कर दिया था। पंजाब एवं पावांटा साहिब से आए सिख समुदाय के धार्मिक एवं प्रबुद्ध जनों के प्रतिनिधिमंडल ने भी मध्यस्थता करते हुए सभी पक्षों से संवाद स्थापित किया, जिसके फलस्वरूप गतिरोध समाप्त हो गया।
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि प्रशासन घटना के बाद से ही लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए था। विवाद के शांतिपूर्ण समाधान के लिए सभी संबंधित पक्षों के साथ समन्वय स्थापित किया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ चारधाम यात्रा एवं श्री हेमकुंड साहिब यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के निर्बाध आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार मौके पर तैनात रहीं। पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने बताया कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
