गुरुद्वारे में सिख सेवादार और पत्नी की हत्या से पाकिस्तान हुआ बेनकाब: आर.पी. सिंह
punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 01:01 PM (IST)
चंडीगढ़ (हरिश्चंद्र): भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने कहा कि पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में एक गुरुद्वारे के भीतर सिख सेवादार जगन्नाथ और उनकी पत्नी असमा वंती की निर्मम हत्या केवल एक आपराधिक घटना नहीं है, बल्कि यह पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ जारी असुरक्षा, भय और उत्पीड़न की एक और भयावह याद दिलाती है।
उन्होंने कहा कि इस घटना से पाकिस्तान एक बार फिर पूरी दुनिया के सामने बेनकाब हो गया है। पूजा स्थल शांति और श्रद्धा का केंद्र होना चाहिए, अपराध का नहीं लेकिन पाकिस्तान में सिखों, हिंदुओं, ईसाइयों और अन्य अल्पसंख्यकों पर हमले अब एक दुखद और बार-बार दोहराई जाने वाली वास्तविकता बन चुके हैं।
आर.पी. सिंह ने कहा कि तमाम आश्वासनों के बावजूद, पाकिस्तान का तंत्र अपने अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा करने में लगातार विफल रहा है। इस जघन्य घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए उन्होंने शोक संतप्त परिवार तथा विश्वभर के सिख समुदाय के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इस अपराध के दोषियों की तत्काल पहचान कर उन्हें कानून के कठघरे में लाया जाना चाहिए। पाकिस्तान सरकार को इस हमले के पीछे के कारणों पर भी स्पष्ट जवाब देना चाहिए और बताना चाहिए कि वह अल्पसंख्यक समुदायों तथा उनके धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए कौन से ठोस कदम उठा रही है।
