पाकिस्तान : सिख जोड़े की हत्या की जांच उच्च न्यायालय के न्यायाधीश से कराने की मांग
punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 02:34 PM (IST)
लाहौर (एजैंसी): पाकिस्तान के एक ईसाई संगठन ने खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत के एक गुरुद्वारे में एक सिख जोड़े की हत्या से जुड़े मामले की जांच उच्च न्यायालय के न्यायाधीश से कराने की सोमवार को मांग की।
यह मांग ऐसे समय में की गई है जब अपराध में एक पुलिस अधिकारी के शामिल होने के संकेत मिले हैं। सिख दंपति जगन्नाथ सिंह (70) और आस्मा वंती (69) पेशावर से लगभग 60 किलोमीटर दूर मरदान जिले में डेरा होती वाला बाबा करम सिंह गुरुद्वारे के प्रबंधन और रखरखाव का जिम्मा संभालते थे। पुलिस कांस्टेबल शेर शाह ने पिछले बुधवार को दोनों की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। शाह अतीत में कई महीनों तक इस गुरुद्वारे के बाहर सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात था।
‘पाकिस्तान मसीहा मिल्लत पार्टी’ के प्रमुख असलम परवेज सहोत्रा ने एक बयान में कहा, “चूंकि संदिग्ध एक पुलिस कर्मी है, इसलिए जांच में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मरदान में सिख जोड़े की हत्या की पड़ताल उच्च न्यायालय के न्यायाधीश से कराई जानी चाहिए और जनता को तथ्यों से अवगत कराया जाना चाहिए।”
