हरियाणा की धरती संत-महात्माओं की, यह हमें कर्मयोग का संदेश देती है : नायब सैनी
punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 02:35 PM (IST)
नरवाना (राजीव गर्ग): नरवाना उपमंडल के उझाना गांव में स्थित बाबा खाक नाथ डेरे में आयोजित मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने डेरा बाबा खाकनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और हवन-यज्ञ में आहुति भी डाली। इससे पूर्व उन्होंने आयोजन स्थल पर आयोजित जनसभा को संबोधित किया। आयोजन समिति ने मुख्यमंत्री को पगड़ी पहनाकर और शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि श्री श्री 1008 सिद्ध बाबा खाकनाथ जी के नवनिर्मित समाधि स्थल पर आयोजित मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होना सौभाग्य का विषय है। उझाना गांव का यह पावन मठ लगभग 600 वर्षों से करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना हुआ है। नाथ सम्प्रदाय के 8 मानधारी पीरों में इस मठ को जो सम्मान प्राप्त है वह इसकी आध्यात्मिक गरिमा और ऐतिहासिक महत्व का प्रमाण है। वर्तमान महंत श्री राजनाथ जी महाराज वर्ष 2014 से इस पवित्र धाम की सेवा कर रहे हैं।
