Apple के लिए Pegatron ने भारत में बनाना शुरू किया iPhone14, बनी दूसरी बड़ी सप्लायर

punjabkesari.in Friday, Nov 04, 2022 - 12:19 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः ऐपल की ताइवानी कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरर कंपनी पेगाट्रोन कॉर्प ने भारत में अपने नए आईफोन14 की असेंबलिंग शुरू कर दी है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस कदम के साथ Pegatron देश में आईफोन14 बनाने वाली ऐपल की दूसरी बड़ी सप्लायर बन गई है। इससे पहले सितंबर में फॉक्सकॉन ग्रुप ने भारत में आईफोन14 (iPhone 14) बनाना शुरू किया था।

यह शुरुआत ऐसे समय में हुई है, जब Apple के चीन के झेंगझोऊ स्थित आईफोन प्रो के प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग हब में कोविड-19 लॉकडाउन के चलते कामकाज बाधित हो गया था। इस प्लांट को फॉक्सकॉन चलाती है।

सभी ताइवानी सप्लायर्स ने बढ़ाई असेंबलिंग

ऐपल की सभी सबसे बड़ी ताइवानी सप्लायर- Foxconn, Pegatron और Wistron ने भारत में आईफोन की असेंबली बढ़ा दी है। तमिलनाडु स्थित Pegatron की फैक्ट्री में 7,000 से ज्यादा कर्मचारी हैं और इस साल की शुरुआत में यहां iPhone 12 बनना शुरू हो गया था।

चीन में घट सकता है उत्पादन

हाल में खबर आई थी कि ऐपल इंक की चीन स्थित दुनिया की सबसे बड़ी फैक्ट्रीज में से एक में आईफोन का प्रोडक्शन 30 फीसदी तक घट सकता है। चीन में कोविड-19 (COVID19) से जुड़ी सख्ती के चलते अमेरिकी कंपनी को यह झटका लग सकता है। इस मामले की जानकारी रखने वाले एक शख्स ने सोमवार, 31 अक्टूबर को यह जानकारी दी।

Foxconn की Zhengzhou स्थित फैक्ट्री की iPhone के कुल प्रोडक्शन में बड़ी हिस्सेदारी है। कोविड19 को काबू में करने के लिए की गई सख्ती के चलते सेंट्रल चाइना में ऐपल के मुख्य झेंगझोऊ प्लांट में अफरातफरी का माहौल है। तमाम वर्कर्स वीकेंड में अपने-अपने घरों को निकल गए। इस प्लांट में लगभग 2,00,000 लोग काम करते हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News