Reasons of Market Crash: 5 कारण जिनकी वजह से शेयर बाजार में मचा कोहराम, सेंसेक्स 74000 से फिसला

punjabkesari.in Friday, Feb 28, 2025 - 03:35 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः शेयर बाजार आज बुरी तरह से क्रैश हुआ। निफ्टी और सेंसेक्स में करीब पौने दो फीसदी की गिरावट, आईटी इंडेक्स 4%, ऑटो इंडेक्स साढ़े 3 फीसदी तो मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स 2-2 फीसदी से ज्यादा टूट गए। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1414 अंक टूट कर 73,198 के स्तर पर जबकि निफ्टी 420 अंक गिरकर 22,124 के स्तर पर बंद हुआ।

निवेशकों की वेल्थ 7.5 लाख करोड़ रुपए घटी

शेयर बाजार में बिकवाली से निवेशकों की वेल्थ 7.5 लाख करोड़ रुपए घट गई। शुक्रवार, 28 फरवरी को सुबह 10 बजे BSE पर लिस्टेड कंपनियों का ओवरऑल मार्केट कैप 385 लाख करोड़ रुपए रहा गया। 27 फरवरी को यह लगभग 393 लाख करोड़ रुपए था।

5 कारण जिनकी वजह से शेयर बाजार में मचा कोहराम....

ग्लोबल ट्रेड वॉर

27 फरवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि कनाडा और मैक्सिको से आयात पर 25% शुल्क 4 मार्च से लागू होगा, न कि 2 अप्रैल से। इसके अलावा, ट्रंप ने यह भी कहा कि चीन से आने वाले सामान पर 10% अतिरिक्त शुल्क लगेगा, जिससे ट्रेड वॉर गहराने की आशंका बढ़ गई है।

कमजोर एशियाई बाजार

भारत समेत एशियाई बाजारों में आज गिरावट हावी है। हांगकांग के शेयर बाजार में गिरावट आई है। क्योंकि ट्रंप ने चीनी आयात पर नए टैरिफ की घोषणा की और इसके बाद निवेशकों ने टेक शेयरों में मुनाफावसूली की। इस दौरान चीनी शेयरों में भी गिरावट आई। वहीं, जापानी बाजारों में भारी बिकवाली का दबाव देखने को मिला है।

कमजोर अमेरिकी अर्थव्यवस्था

अमेरिका के आईटी इंडेक्स में 4% की गिरावट आई, क्योंकि आंकड़ों से पता चला कि पिछले सप्ताह अमेरिका में साप्ताहिक बेरोजगारी दांवों में अनुमान से ज्यादा वृद्धि हुई, जिससे यह चिंता सताने लगी कि दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में धीमापन देखने को मिल सकता है। इसके अलावा, ट्रम्प के टैरिफ के कारण महंगाई बढ़ सकती है।

एनवीडिया के Q4 रिजल्ट

अमेरिका में गुरुवार को टेक कंपनी एनवीडिया ने चौथी तिमाही के नतीजे जारी किए। इसके बाद Nikkei के शेयर 5 महीने के निम्नतम स्तर पर पहुंच गए। दरअसल, एनवीडिया के रिजल्ट अनुमान के मुताबिक नहीं रहे।

जीडीपी का डाटा

बाजार की गिरावट के लिए 5वां कारण जीडीपी का डाटा है, जो आज आने वाला है। भारत की तीसरी तिमाही (Q3) जीडीपी डेटा आज घोषित होगी। हालांकि, पिछली तिमाही में 5.4% की मंदी के बाद, 6.3% विकास दर की उम्मीद है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News