4 Major Reasons: लगातार तीसरे दिन बाजार लाल, सेंसेक्स 275 अंक टूटा, जानिए गिरावट की 4 बड़ी वजहें
punjabkesari.in Wednesday, Dec 10, 2025 - 03:32 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः बुधवार, 10 दिसंबर को भारतीय शेयर बाजारों में लगातार तीसरे दिन गिरावट देखने को मिली। कारोबारी सत्र के दौरान सेंसेक्स 300 अंकों से अधिक टूट गया, जबकि निफ्टी 25,750 के नीचे आ गया। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मीटिंग से पहले सतर्क रुख और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली ने बाजार की धारणा कमजोर कर दी। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 0.90% गिरा, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.42% तक की कमजोरी रही।
सेंसेक्स 275.01 अंक (0.32%) गिरकर 84,391.27 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 81.65 (-0.32%)अंक टूटकर 25,758 पर क्लोज हुआ।
आज बाजार टूटने की 4 बड़ी वजहें
1. फेडरल रिजर्व के फैसले से पहले अनिश्चितता
अमेरिकी फेडरल रिजर्व का निर्णय आज देर रात आने वाला है। ब्याज दरों में 0.25% कटौती की उम्मीद है, लेकिन नए साल की पॉलिसी, महंगाई के अनुमान और चेयरमैन जेरोम पॉवेल के संभावित उत्तराधिकारी को लेकर बाजार में असमंजस बना हुआ है। यही आज की गिरावट का सबसे बड़ा कारण रहा।
2. कमजोर वैश्विक संकेत
एशियाई बाजारों—शंघाई SSE, हांगकांग हैंग सेंग और जापान निक्केई—सभी में गिरावट रही। अमेरिकी बाजार भी पिछली रात कमजोर बंद हुए। ग्लोबल संकेतों की कमजोरी घरेलू निवेशकों के सेंटीमेंट को प्रभावित कर गई।
3. विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली
FIIs लगातार नौवें दिन बिकवाली कर रहे हैं। मंगलवार को विदेशी निवेशकों ने 3,760 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। दिसंबर महीने में अब तक FII की कुल बिकवाली 14,819 करोड़ रुपए तक पहुंच चुकी है। इससे बाजार पर अतिरिक्त दबाव बना।
4. कच्चे तेल की कीमतों में उछाल
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 0.15% बढ़कर 62.03 डॉलर प्रति बैरल हो गई। कच्चा तेल महंगा होने से भारत पर महंगाई का दबाव बढ़ सकता है और कंपनियों के मार्जिन प्रभावित हो सकते हैं—जो बाजार के लिए नकारात्मक संकेत है।
