विश्व नेताओं ने स्वतंत्रता के 75वें वर्ष पर लगाई बधाईयों की झड़ी, भारत की उपलब्धियों को सराहा

punjabkesari.in Monday, Aug 15, 2022 - 07:03 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः स्वतंत्रता के 75वें वर्ष पर विश्व नेताओं ने भारत की उपलब्धियों को सराहना करते हुए बधाईयों की झड़ी लगा दी है। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ ही विश्व के अन्य नेताओं ने सोमवार को भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर भारतीयों को बधाई दी तथा दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने का संकल्प लिया जिसने आश्चर्यजनक उपलब्धियां हासिल की हैं। राष्ट्रपति बाइडेन ने भारत की लोकतांत्रिक यात्रा के 75 साल पूरे होने पर महात्मा गांधी के "सत्य और अहिंसा के स्थायी संदेश" को याद किया। इस साल, अमेरिका और भारत राजनयिक संबंधों की 75 वीं वर्षगांठ भी मना रहे हैं।

 

लोकतंत्र आधारित व्यवस्था की रक्षा के लिए साथ खड़े रहेंगेः बाइडेन
बाइडेन ने कहा कि दोनों लोकतंत्र नियम आधारित व्यवस्था की रक्षा के लिए एक साथ खड़े रहेंगे, एक स्वतंत्र और मुक्त हिंद-प्रशांत की अवधारणा को आगे बढ़ाएंगे तथा दुनिया के समक्ष उत्पन्न चुनौतियों का समाधान करेंगे। उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘लगभग 40 लाख गौरवान्वित भारतीय-अमेरिकियों सहित पूरी दुनिया में लोग 15 अगस्त को स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं, ऐसे में अमेरिका महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के स्थायी संदेश से निर्देशित भारत की लोकतांत्रिक यात्रा का सम्मान करने के लिए भारतीय लोगों के साथ खड़ा है।''

 

भारत के साथ मिलकर कर रहे उज्ज्वल भविष्य का निर्माणः ब्लिंकन
अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा, "इस महत्वपूर्ण दिन पर, हम साझा लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रदर्शित करते हैं, और हम भारत के लोगों का सम्मान करते हैं जो मिलकर एक उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर रहे हैं।" उन्होंने कहा, "यह वर्ष हमारे दोनों देशों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि हम राजनयिक संबंधों के 75 साल का जश्न मना रहे हैं। हमारी रणनीतिक साझेदारी जलवायु से लेकर व्यापार तक हमारे लोगों से लोगों के बीच जीवंत संबंधों तक विस्तारित है।" ब्लिंकन ने कहा, "मुझे विश्वास है कि दो महान लोकतंत्रों के रूप में, हमारी साझेदारी हमारे लोगों की सुरक्षा और समृद्धि तथा विश्व कल्याण में योगदान करना जारी रखेगी। स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं, भारत!" 

 

 फ्रांस पर भरोसा कर सकते हैं भारतवासीः मैक्रों
फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत के लोगों को ट्विटर पर बधाई दी। मैक्रों ने ट्वीट किया, "प्रिय मित्र नरेंद्र मोदी, भारत के प्रिय लोगों, आपको स्वतंत्रता दिवस की बधाई! पिछले 75 वर्षों में भारत की शानदार उपलब्धियों का जश्न मनाते हुए आप फ्रांस पर भरोसा कर सकते हैं कि वह हमेशा आपके साथ खड़ा रहेगा।" ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने अपने संदेश में कहा कि उनकी भारत यात्रा की बहुत अच्छी यादें हैं। अल्बनीज ने कहा कि वह "सम्मान, दोस्ती और सहयोग की भावना से हमारी साझेदारी को गहरा करने के लिए दृढ़ प्रतिज्ञ हैं।"

 

स्वतंत्र भारत द्वारा हासिल की गईं उपलब्धियां उल्लेखनीयःऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने कहा, "1947 में पहले स्वतंत्रता दिवस पर, जब प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने अपने लोगों का अपनी नई स्वतंत्रता की साहसिक यात्रा में विश्वास के साथ शामिल होने का आह्वान किया था, तो दुनिया कल्पना नहीं कर सकती थी कि भारत उनके आह्वान पर कितनी गहराई से ध्यान देगा।" अल्बनीज ने बयान में कहा, "दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का उदय और स्वतंत्र भारत द्वारा हासिल की गईं उपलब्धियां उल्लेखनीय हैं।" ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री के रूप में अपने पहले कार्य को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने तोक्यो में क्वाड शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। उन्होंने कहा, "सभी ऑस्ट्रेलियाई भारत की सफलताओं और इस महान देश तथा इसके लोगों को परिभाषित करने वाली कई उपलब्धियों की सराहना करते हैं।"

 

ऑस्ट्रेलियाई रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस ने भी भारत के स्वतंत्रता दिवस पर एक बधाई संदेश ट्वीट किया और आईएनएस सुमेधा की तस्वीरें साझा कीं, जो भारतीय नौसेना का पोत है जिसने पर्थ के फ्रेमेंटल बंदरगाह पर लंगर डाल रखा है। मार्लेस ने कहा, ‘‘आज भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर बधाई और इस आयोजन के लिए पर्थ में आईएनएस सुमेधा का स्वागत है। लोगों से लोगों का जुड़ाव हमारी साझेदारी को मजबूत करता है और मैं अपने विशाल और जीवंत भारतीय प्रवासी समुदाय को शुभकामनाएं देता हूं।''

 

भारत स्वतंत्रता, प्रगति और विविधता का प्रतीकः मालदीव राष्ट्रपति इब्राहिम
मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह ने एक ट्वीट में कहा, " भारत अपनी आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है..राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं।" सोलिह ने लिखा, "मालदीव और भारत के बीच हमेशा गहरी दोस्ती रही है तथा यह हमारी इच्छा है कि भारत स्वतंत्रता, प्रगति और विविधता का प्रतीक बना रहे!" सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालकृष्णन ने भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर विदेश मंत्री एस जयशंकर को शुभकामनाएं दीं और द्विपक्षीय संबंधों के लगातार मजबूत होने की उम्मीद जताई। भारतीय मूल के मंत्री ने ट्वीट किया, "मेरे अच्छे दोस्त डॉ. जयशंकर तथा भारत में दोस्तों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं जो आजादी के 75 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं।" 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News