ओडिशा: कांग्रेस के पूर्व विधायक अक्षय आचार्य का 78 वर्ष की आयु में हुआ निधन

punjabkesari.in Friday, Jan 02, 2026 - 01:06 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक अक्षय कुमार आचार्य का शुक्रवार को यहां निधन हो गया। उनके पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। वह 78 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा है। आचार्य कैंसर से पीड़ित थे। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात उनकी तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्हें नीलगिरी उप-मंडलीय अस्पताल ले जाया गया था। हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बालासोर जिला मुख्यालय अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन वहां ले जाते समय रास्ते में ही उनका निधन हो गया।

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, विपक्ष के नेता और बीजू जनता दल अध्यक्ष नवीन पटनायक तथा ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने आचार्य के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री माझी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "पूर्व विधायक अक्षय आचार्य के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और भगवान जगन्नाथ से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। ओम शांति।" आचार्य 1980 और 1995 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के टिकट पर नीलगिरी निर्वाचन क्षेत्र से दो बार ओडिशा विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को नीलगिरी में किया जाएगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News