चुनाव लड़ेंगी बैडमिंटन प्लेयर पीवी सिंधु?, अमित शाह से मुलाकात के बाद अटकलें शुरू

punjabkesari.in Saturday, Sep 16, 2023 - 11:50 PM (IST)

नेशनल डेस्कः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार रात बैडमिंटन प्लेयर पीवी सिंधू से हैदराबाद में मुलाकात की है। इसके बाद कयास लगना शुरू हो गए हैं, क्या पीवी सिंधू चुनाव लड़ने जा रही हैं। दरअसल, तेलंगाना में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा ने चुनावों की तैयारी अभी से शुरू कर दी है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह शनिवार को हैदराबाद पहुंचे। वह कल यानी 17 सितंबर को ‘हैदराबाद मुक्ति दिवस’में हिस्सा लेंगे।

वहीं, हैदराबाद पहुंचने के बाद शाह ने बैडमिंटन प्लेयर पीवी सिंधू से उनके आवास पर मुलाकात की। शाह के साथ केंद्रीय मंत्री और तेलंगाना भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जी किशन रेड्डी भी मौजूद थे। इसके बाद कयास लगना शुरू हो गए हैं कि क्या खिलाड़ी पीवी सिंधू तेलंगाना में होने वाले विधानसभा चुनाव में ताल ठोकती नजर आएंगी।

अमित शाह ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “आज हैदराबाद में मशहूर बैडमिंटन खिलाड़ी से मुलाकात हुई। राष्ट्र को उनकी असाधारण खेल प्रतिभा के लिए मिली अंतरराष्ट्रीय प्रशंसा पर गर्व है। उनकी प्रतिबद्धता, कड़ी मेहनत और समर्पण युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा है।

 

 

ये खिलाड़ी भी लड़ चुके हैं चुनाव
इससे पहले भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर, पूर्व हॉकी प्लेयर संदीप सिंह, पहलवान बबीता फोगाट चुनाव लड़ चुके हैं। वहीं, टीएमसी के टिकट पर मनोज तिवारी चुनाव लड़ चुके हैं। मनोज तिवारी बंगाल सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। संदीप सिंह हरियाणा सरकार में मंत्री हैं लेकिन यौन शोषण के आरोप में उनसे मंत्रालय छीन लिया गया है। वहीं, गौतम गंभीर पूर्वी दिल्ली से सांसद हैं। बबीता फोगाट दो बार विधानसभा चुनाव लड़ चुकी हैं लेकिन उनको सफलता नहीं मिली।  

‘हैदराबाद मुक्ति दिवस' हैदराबाद रियासत के 17 सितंबर 1948 को भारतीय संघ में विलय की स्मृति में यह समारोह आयोजित किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय पर्यटन मंत्री और तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष जी किशन रेड्डी, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बंडी संजय कुमार और अन्य नेताओं ने राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शाह का स्वागत किया।

केंद्र सरकार द्वारा आयोजित ‘मुक्ति दिवस' समारोह रविवार को शहर के परेड ग्राउंड में होगा। केंद्र की ओर से पिछले वर्ष पहली बार इस दिन को लेकर आधिकारिक समारोह आयोजित किया गया था और उस समय भी शाह इसमें शामिल हुए थे। भाजपा सूत्रों ने बताया भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पी वी सिंधू ने शाह से मुलाकात की। हालांकि, इस बैठक की ज्यादा जानकारी तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News