Vande Bharat Train: नागरिकों के लिए खुशखबरी! पुणे से अब 4 और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें दौड़ेंगी, जानें कहां-कहां चलेगी ट्रेन

punjabkesari.in Sunday, Jul 13, 2025 - 07:02 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पुणे के नागरिकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी हैं। भारतीय रेलवे ने घोषणा की है कि पुणे से अब चार और शहरों के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू की जाएंगी। यह कदम पुणे से यात्रा को और भी तेज़ और सुविधाजनक बना देगा। ये नई ट्रेनें शेगाव, वडोदरा, सिकंदराबाद और बेलगाव के लिए चलेंगी।

पुणे से अब कुल 6 वंदे भारत ट्रेनें
फिलहाल, पुणे से कोल्हापुर और हुबली के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें पहले से ही चल रही हैं। इन चार नई ट्रेनों के जुड़ने के बाद, पुणे से कुल छह वंदे भारत ट्रेनें उपलब्ध होंगी। रेलवे ने शहर में बढ़ती यात्रा की मांग को देखते हुए यह फैसला लिया है।

जानें नई वंदे भारत ट्रेनों के बारे में:
➤ पुणे-शेगाव वंदे भारत
शेगाव जाने वाले यात्रियों के लिए यह वंदे भारत ट्रेन एक बेहतरीन विकल्प साबित होगी। यह ट्रेन संभावित रूप से दौंड, अहमदनगर, छत्रपती संभाजीनगर (औरंगाबाद) और जालना जैसे स्टेशनों पर रुकेगी। अभी तक टिकट की दरों और समय-सारणी की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन यह तय है कि यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा।

➤ पुणे-वडोदरा वंदे भारत
यह ट्रेन संभवतः लोणावला, पनवेल, वापी और सूरत जैसे स्टेशनों से होकर गुजरेगी। फिलहाल इस रूट पर यात्रा में करीब 9 घंटे लगते हैं, लेकिन वंदे भारत के आने से यह समय घटकर 6 से 7 घंटे तक हो सकता है। व्यावसायिक यात्रियों के लिए यह ट्रेन विशेष रूप से फायदेमंद रहेगी।

➤ पुणे-सिकंदराबाद वंदे भारत
पुणे और तेलंगाना की राजधानी सिकंदराबाद के बीच चलने वाली यह ट्रेन दौंड, सोलापुर और गुलबर्गा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुक सकती है। इस मार्ग पर वंदे भारत के शुरू होने से यात्रा में 2-3 घंटे की बचत होने की संभावना है।

➤ पुणे-बेलगाव वंदे भारत
बेलगाव (जिसे अब बेलगावी कहा जाता है) की ओर जाने वाली इस ट्रेन में सातारा, सांगली और मिरज जैसे स्टॉप हो सकते हैं। यह मार्ग उन लोगों के लिए बड़ी राहत लाएगा जो काम या शिक्षा के लिए नियमित रूप से इन शहरों की यात्रा करते हैं। अनुमान है कि टिकट की कीमत 1500 रुपये से 2000 रुपये के बीच हो सकती है और यात्रा के समय में भी कई घंटे की कटौती संभव है।


पुणे-नागपुर वंदे भारत स्लीपर पर भी विचार
रेलवे भविष्य में पुणे-नागपुर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने पर भी विचार कर रहा है। यह उन यात्रियों के लिए एक बेहतर विकल्प साबित हो सकता है जिन्हें लंबी दूरी की यात्राएं रातभर में पूरी करनी होती हैं। इन चार नई ट्रेनों के शुरू होने से पुणे और इन शहरों के बीच आवागमन बेहद आसान हो जाएगा. साथ ही, यह कदम पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा देगा. नई ट्रेनों से जुड़े क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों में भी तेज़ी आने की संभावना है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News