Train Cancelled: यात्रियों की बढ़ी परेशानी! कोहरे का कहर दिखना शुरू...24 ट्रेनें रद्द, 41 उड़ानें हुईं लेट
punjabkesari.in Thursday, Nov 27, 2025 - 01:35 PM (IST)
नेशनल डेस्क: सर्दी का मौसम तेजी से दस्तक दे रहा है और इसके साथ ही कोहरे का असर भी दिखना शुरू हो गया है। उत्तर भारत के कई राज्यों बिहार, यूपी, दिल्ली और हरियाणा में घने कोहरे ने यातायात को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारतीय रेलवे ने मौसम के चलते 1 दिसंबर से 28 फरवरी तक कुल 24 ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा कई ट्रेनों के फेरों में कटौती की गई है और कुछ ट्रेनें निर्धारित समय से देर से चल रही हैं। इससे इन इलाकों के यात्रियों की यात्रा प्रभावित होने वाली है।
रेलवे का बड़ा कदम: 24 ट्रेनें तीन महीने तक रद्द
कोहरे के कारण ट्रेन संचालन लगातार प्रभावित हो रहा है। विजिबिलिटी कम होने की वजह से ट्रेनों की गति पर भी असर पड़ा है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने दिसंबर से फरवरी तक रद्द की गई ट्रेनों की सूची जारी कर दी है। इससे बड़ी संख्या में यात्रियों को अपनी यात्रा योजनाओं में बदलाव करना पड़ सकता है।
हवाई यात्राएं भी प्रभावित, 41 फ्लाइटों की उड़ान में देरी
कोहरे का असर सिर्फ ट्रेनों तक सीमित नहीं है। हवाई यात्राएं भी इससे अछूती नहीं रहीं। गुरुवार सुबह बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कोहरे की वजह से फ्लाइट ऑपरेशन में बड़ी बाधा आई। सुबह करीब 5:30 बजे से 41 फ्लाइटें देरी से उड़ान भर पाईं। विजिबिलिटी कम होने के कारण टेकऑफ और लैंडिंग में दिक्कतें आईं। हालांकि सुबह शहर में हल्की बारिश भी हुई थी, लेकिन IMD की ओर से किसी खराब मौसम की चेतावनी जारी नहीं की गई थी। नीचे लटकते बादल और लगातार बना कोहरा एयरक्राफ्ट मूवमेंट में अवरोध बनता रहा।
यात्रियों को हो रही परेशानी
ट्रेनों और फ्लाइटों में देरी से यात्रियों को असुविधा झेलनी पड़ रही है। कई लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे आगे की यात्रा या काम की योजनाएं बाधित हो रही हैं।
