UP: आगरा पहुंची प्रियंका गांधी, अरुण वाल्मीकि के परिजनों से की मुलाकात
punjabkesari.in Thursday, Oct 21, 2021 - 05:28 AM (IST)

नेशनल डेस्कः आगरा में सफाई कर्मचारी अरुण नरवार की मौत के बाद प्रदेश में सियासत का पारा चढ़ गया था। बुधवार देर रात प्रियंका गांधी वाड्रा ने आगरा पहुंचकर अरुण के परिजनों से मुलाकात की। परिवार को सांत्वना दी। प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार सुबह ट्वीट कर भाजपा सरकार और पुलिस पर निशाना साधा था।
Agra | Congress leader Priyanka Gandhi Vadra reaches residence of Arun Valmiki, a sanitation worker who died in police custody pic.twitter.com/OFRFTmK5k2
— ANI UP (@ANINewsUP) October 20, 2021
पुलिस अभिरक्षा में अरुण की मौत पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि, किसी को पुलिस कस्टडी में पीट-पीट कर मार देना कहां का न्याय है? आगरा पुलिस कस्टडी में अरुण वाल्मीकि की मौत की घटना निंदनीय है। भगवान वाल्मीकि जयंती के दिन उप्र सरकार ने उनके संदेशों के खिलाफ काम किया है। उच्च स्तरीय जांच व पुलिस वालों पर कार्रवाई हो व पीड़ित परिवार को मुआवजा मिले।
थाना जगदीशपुरा के मालखाना में 17 अक्तूबर की रात चोरी हो गई थी। चोर दरवाजे और बक्से का ताला तोड़कर 25 लाख रुपए ले गया था। इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक सहित छह को निलंबित किया गया था। पुलिस चोर की तलाश में लगी थी। पुलिस की विवेचना में अरुण का नाम सामने आया। वह लोहामंडी स्थित पुल छिंगामोदी, वाल्मीकि बस्ती के रहने वाला था। घटना के बाद से फरार था। पुलिस ने मंगलवार दोपहर आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसे थाने लाकर पूछताछ की जा रही थी।
एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि अरुण ने चोरी करना कबूल किया था। रुपए घर में रखे होने के बारे में बताया। इस पर तड़के चार बजे पुलिस उसे घर लेकर गई। 15 लाख रुपए बरामद किए। बरामदगी के दौरान अरुण की तबीयत बिगड़ गई। इस पर पुलिस और परिजन अस्पताल ले गए, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम कराया गया है। परिवार की ओर से मुकदमा दर्ज कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शाम तकरीबन साढ़े तीन बजे पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार पुलिस की मौजूदगी में कराया गया।