रूस और यूक्रेन में बढ़ते तनाव के बीच भारत भी हुआ अलर्ट, आज पीएम मोदी करेंगे कैबिनेट बैठक
punjabkesari.in Tuesday, Feb 15, 2022 - 03:39 PM (IST)

नई दिल्ली: रूस और यूक्रेन में जंग के हालात बनते देख जहां भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरकों को कीव छोड़ने को कहा है। वहीं इस बीच नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम केंद्रीय कैबिनेट की बैठक करने वाले हैं। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में जंग के हालात पर भी चर्चा हो सकती है।
बता दें कि मंगलवार को यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी कर अपने नागरिकों को आगाह किया है। भारतीय छात्रों से कहा गया है कि वे भारत लौट आएं। जिन लोगों के लिए बहुत ज्यादा जरूरी न हो तो अस्थायी रूप से देश छोड़ दें। साथ ही भारतीय नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे गैर-जरूरी यूक्रेन की यात्रा करने से बचें।
दरअसल, सैटलाइटों में तस्वीरों में देखा गया है कि यूक्रेन की सीमा पर रूसी सैनिकों का जमावड़ा बढ़ गया है जिससे जंग का खतरा बढ़ता दिखाई दे रहा है। वहीं, कुछ लड़ाकू विमान और बॉम्बर्स दिखने से लग रहा है कि अगले कुछ घंटों में रूस आक्रामक ऐक्शन कर सकता है।
वहीं इसके साथ ही भारत समेत दुनियाभर के देश अलर्ट हो गए हैं। कई देशों ने अपने नागरिकों को अलर्ट कर दिया है। अमेरिका ने तो अपना दूतावास ही कीव से हटाकर यूक्रेन के पश्चिमी शहर लवीव कर दिया है। माना जा रहा है कि अगर रूस यूक्रेन पर हमला करता है तो सबसे पहला अटैक कीव पर होगा। खुद यूक्रेन के राष्ट्रपति ने फेसबुक पर आशंका जताई है कि रूस 16 फरवरी को हमला कर सकता है।