सुष्मिता सेन की ''रॉयल'' कमाई: मुंबई के आलीशान फ्लैट से बरसेगा लाखों का किराया, जानें हर महीने कितनी होगी इनकम

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 06:55 PM (IST)

Sushmita Sen Apartment Rent: बॉलीवुड की 'मिस यूनिवर्स' सुष्मिता सेन न केवल पर्दे पर अपनी धाक जमा रही हैं, बल्कि बिजनेस और रियल एस्टेट के मामले में भी काफी समझदार इन्वेस्टमेंट कर रही हैं। अभिनय की दुनिया में 'आर्या' और 'ताली' जैसी वेब सीरीज से जबरदस्त वापसी करने वाली सुष्मिता अब अपनी रेंटल इनकम को लेकर सुर्खियों में हैं। मुंबई की चकाचौंध के बीच उन्होंने अपनी एक बेहद प्रीमियम प्रॉपर्टी को भारी-भरकम किराए पर चढ़ाकर यह साबित कर दिया है कि वह एक स्मार्ट इन्वेस्टर भी हैं। गोरेगांव जैसे पॉश इलाके में स्थित उनके इस घर से होने वाली कमाई किसी बड़े प्रोजेक्ट की फीस से कम नहीं है।

तीन साल की डील और लाखों का रेंट

रियल एस्टेट फर्म 'square yards' की हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, सुष्मिता सेन और उनकी मां सुभ्रा सेन ने मुंबई के गोरेगांव स्थित अपने आलीशान अपार्टमेंट को अगले तीन साल के लिए लीज पर दे दिया है। वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के पास स्थित 'Oberoi Exquisite' नामक हाई-राइज बिल्डिंग की 12वीं मंजिल पर मौजूद यह फ्लैट अब सुष्मिता के लिए मोटी कमाई का जरिया बनेगा। 26 फरवरी 2026 को रजिस्टर्ड हुए दस्तावेजों के अनुसार, 1,241 वर्ग फुट के इस फ्लैट को पूजा येओले नामक किरायेदार को दिया गया है। इस डील के तहत सुष्मिता को कुल 73.76 लाख रुपये का किराया मिलेगा, जिसमें दो पार्किंग स्पेस और 6 लाख रुपये का रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट भी शामिल है।

किराए का गणित: हर साल होगी 5% की बढ़ोतरी

सुष्मिता सेन के इस घर के किराए का स्ट्रक्चर काफी दिलचस्प है। एग्रीमेंट के मुताबिक, 36 महीनों की इस लीज में हर साल किराए में 5 फीसदी का इजाफा होगा। पहले साल किरायेदार को हर महीने 1.95 लाख रुपये देने होंगे, जो दूसरे साल बढ़कर 2.04 लाख रुपये हो जाएंगे। लीज के तीसरे और आखिरी साल में यह किराया 2.14 लाख रुपये प्रति माह तक पहुंच जाएगा। इस रेंटल ट्रांजैक्शन के लिए बकायदा 18,900 रुपये की स्टाम्प ड्यूटी और 1,000 रुपये का रजिस्ट्रेशन चार्ज भी जमा किया गया है। गोरेगांव का यह इलाका अपनी बेहतरीन कनेक्टिविटी और शहरी सुविधाओं के कारण सेलिब्रिटीज की पहली पसंद बनता जा रहा है।

प्रोफेशनल फ्रंट पर सुष्मिता का जलवा

करियर की बात करें तो सुष्मिता सेन इन दिनों अपनी दमदार परफॉर्मेंस के लिए वाहवाही लूट रही हैं। 'आर्या' में एक शेरनी की तरह अपने परिवार की रक्षा करने वाली मां हो या 'ताली' में श्रीगौरी सावंत का चुनौतीपूर्ण किरदार, सुष्मिता ने हर बार खुद को साबित किया है। उनकी मां सुभ्रा सेन भी एक सफल ज्वेलरी डिजाइनर और एंटरप्रेन्योर हैं, जो अक्सर सुष्मिता के बिजनेस फैसलों में उनके साथ रहती हैं। 1994 में मिस यूनिवर्स का खिताब जीतकर भारत का नाम रोशन करने वाली सुष्मिता आज एक सफल अभिनेत्री के साथ-साथ एक कुशल संपत्ति प्रबंधक के रूप में भी उभर रही हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News