Riniki Bhuyan Sarma: कौन हैं विवादों में घिरीं रिनिकी भुइयां सरमा? जानिए कितनी संपत्ति की हैं मालकिन
punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 02:27 PM (IST)
Riniki Bhuyan Sarma: असम में विधानसभा चुनाव के लिए 9 अप्रैल को वोट डाले जाने हैं, लेकिन मतदान से ठीक पहले असम की राजनीति का केंद्र मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा बन गई हैं। अब तक खुद को राजनीति से दूर रखकर एक सफल बिजनेसवुमन के तौर पर पहचान बनाने वाली रिनिकी अचानक विवादों के घेरे में हैं।
विवाद की जड़: पासपोर्ट और अरबों की संपत्ति का दावा
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि रिनिकी के पास UAE, egypt, Antigua और Barbuda जैसे कई देशों के विदेशी पासपोर्ट हैं। इतना ही नहीं, कांग्रेस का दावा है कि उनकी एक कंपनी का बजट 3,467 करोड़ डॉलर है और वे अमेरिका में होटल बिजनेस शुरू करने की तैयारी में हैं। इन आरोपों ने राज्य के सियासी गलियारों में खलबली मचा दी है।

मुख्यमंत्री का पलटवार: 'मिलेगी उम्रकैद की सजा'
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे चुनाव को प्रभावित करने की साजिश बताया है। उन्होंने चेतावनी दी कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर चुनाव को गुमराह करने की सजा उम्रकैद तक हो सकती है। इस मामले में रिनिकी ने पुलिस में एफआईआर भी दर्ज कराई है।
टेनिस कोर्ट से बिजनेस साम्राज्य तक का सफर
रिनिकी का जीवन काफी दिलचस्प रहा है। बचपन में वे एक बेहतरीन टेनिस खिलाड़ी थीं और राज्य स्तर पर खेल चुकी थीं। उनके कोच के अनुसाल, वे एक होनहार एथलीट थीं। 1994 में उनका सिलेक्शन Miss India Contest के लिए भी हुआ था, लेकिन हिमंत बिस्वा सरमा (जो उस वक्त उनके दोस्त थे) के समझाने पर उन्होंने मुंबई जाने का विचार छोड़ दिया।

कैसे हुई हिमंत और रिनिकी की मुलाकात?
दोनों की पहली मुलाकात Cotton College में पढ़ाई के दौरान हुई थी। लगभग 10 साल तक एक-दूसरे को जानने के बाद साल 2001 में दोनों ने शादी कर ली। आज रिनिकी असम के सबसे बड़े मीडिया ग्रुप 'Pride East Entertainment' की मालकिन हैं, जिसके अंतर्गत 'न्यूज़ लाइव', 'नॉर्थ ईस्ट लाइव', 'रंग', 'रामधेनु' और 'इंद्रधनु' जैसे कई tv channel और अखबार चलते हैं।

संपत्ति में पिछले 15 सालों में भारी इजाफा
चुनावी हलफनामे के मुताबिक, मुख्यमंत्री के नाम पर कोई जमीन या गाड़ी नहीं है, लेकिन रिनिकी की संपत्ति में पिछले 15 सालों में भारी इजाफा हुआ है। उनकी कुल संपत्ति अब 32 करोड़ रुपये से ज्यादा है, जो 2011 के मुकाबले करीब 1400 प्रतिशत अधिक है। गुवाहाटी में उनके पास बड़ी जमीनें और कई कंपनियों में हिस्सेदारी है।
आरोपों पर रिनिकी का जवाब
विपक्ष इसे मुद्दा बना रहा है, जबकि रिनिकी का कहना है कि वे एक Independent Entrepreneur हैं और उन्हें सिर्फ इसलिए निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि वे मुख्यमंत्री की पत्नी हैं। वहीं रिनिकी ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के ख़िलाफ़ क्राइम ब्रांच में मामला दर्ज करवाया है जिसके बाद उन्होंने मीडिया में आकर कहा, तीन देशों का पासपोर्ट रखने की बात पेड़ पर गाय के चढ़ने जैसी है। दिमाग से काम करने वाले लोग ऐसा नहीं करेंगे, मैंने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। जिसने यह गलत काम किया है उसको सज़ा मिलेगी, हिमंत से लड़ नहीं सकते तो मुझे सॉफ्ट टारगेट बनाया जा रहा है झूठ बोलने की भी एक हद होती है।
