Railway Pensioners Alert: रेलवे पेंशनर्स अलर्ट: सरकार ने जारी की सख्त चेतावनी
punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 11:20 AM (IST)
नेशनल डेस्क: रिटायर्ड रेल कर्मियों के लिए एक बेहद जरूरी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अगर आपके घर में भी कोई रेलवे से रिटायर हुआ है, तो अब फोन उठाते समय आपको बहुत ज्यादा चौकन्ना रहने की जरूरत है। रेल मंत्रालय ने हाल ही में एक आधिकारिक चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि शातिर ठग अब रेलवे के पूर्व कर्मचारियों को अपना निशाना बना रहे हैं। यह जालसाज इतने शातिर हैं कि खुद को रेलवे का बड़ा अधिकारी बताकर बुजुर्गों को झांसे में ले रहे हैं और उनकी जमा-पूंजी पर डाका डाल रहे हैं।
कैसे बुना जा रहा है ठगी का जाल?
जालसाजों ने धोखाधड़ी के लिए बड़े ही इमोशनल और तकनीकी बहाने ढूंढ निकाले हैं। ये ठग अक्सर Phone Call, SMS या Whatsapp के जरिए संपर्क करते हैं। कभी ये Pension Payment Order (PPO) को अपडेट करने का बहाना बनाते हैं, तो कभी केवाईसी (KYC) वेरिफिकेशन के नाम पर डराते हैं। हद तो तब हो जाती है जब ये जालसाज किसी Extra Pension Benefit या पुराने बकाया पैसे दिलाने का लालच देकर बुजुर्गों को अपने जाल में फंसा लेते हैं। इनका मकसद सिर्फ एक ही होता है --- किसी भी तरह आपके बैंक खाते तक पहुंचना।
मंत्रालय की दो टूक: 'हम कभी नहीं मांगते गोपनीय जानकारी'
रेल मंत्रालय ने इस बढ़ते खतरे को देखते हुए स्थिति साफ कर दी है। सरकार की ओर से स्पष्ट कहा गया है कि रेलवे का कोई भी विभाग या अधिकारी कभी भी फोन पर आपसे Bank account number, Password, OTP या कोई भी निजी वित्तीय जानकारी नहीं मांगता। Pension Update करने के लिए रेलवे कभी कोई अनजान लिंक नहीं भेजता। अगर कोई आपसे कहे कि जानकारी न देने पर आपकी पेंशन रुक जाएगी, तो समझ लीजिए कि वह कोई ठग है जो आपको डराकर लूटने की कोशिश कर रहा है।
सुरक्षा के लिए क्या करें और कहां करें शिकायत?
बचाव का सबसे आसान तरीका यह है कि किसी भी अनजान नंबर से आए कॉल पर अपनी कोई भी जानकारी साझा न करें। घर के बुजुर्गों को इस बारे में विस्तार से समझाएं ताकि वे किसी के बहकावे में न आएं। अगर आपको जरा भी शक हो या कोई संदिग्ध मैसेज मिले, तो तुरंत नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। इसके अलावा आप अपने नजदीकी रेलवे ऑफिस में जाकर भी जानकारी ले सकते हैं। याद रखें, पेंशन से जुड़ी किसी भी आधिकारिक सूचना के लिए सिर्फ और सिर्फ Railways की सरकारी वेबसाइट पर ही भरोसा करें।
