उत्तम नगर हत्याकांड: CM रेखा गुप्ता ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, न्याय दिलाने का दिया भरोसा
punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 09:18 PM (IST)
नेशनल डेस्क: पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर में युवक तरुण की हत्या के मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल मचा दी है। इस घटना के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री Rekha Gupta ने सोमवार को मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली सचिवालय में परिवार के सदस्यों से बात की और भरोसा दिलाया कि सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी पोस्ट कर घटना पर दुख जताया और कहा कि दिल्ली सरकार पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ पीड़ित परिवार के साथ है।
उधर, दिल्ली पुलिस ने मामले में तेज कार्रवाई करते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार किया है और दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है। इलाके में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनकी जांच की जा रही है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
