रोड-शो में रेखा गुप्ता ने TMC के ''सिंडिकेट राज'' को दी सीधी चेतावनी, कहा- दीदी की विदाई तय, बंगाल में अब खिलेगा कमल
punjabkesari.in Tuesday, Apr 21, 2026 - 02:38 PM (IST)
नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए प्रचार अभियान अपने चरम पर है। मंगलवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री और भाजपा नेता रेखा गुप्ता ने आसनसोल दक्षिण से पार्टी उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल के समर्थन में एक विशाल रोड-शो किया। इस दौरान उमड़ी भारी भीड़ को संबोधित करते हुए रेखा गुप्ता ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर जमकर निशाना साधा और राज्य में सत्ता परिवर्तन का दावा किया।

सिंडिकेट राज और भ्रष्टाचार पर किया कड़ा प्रहार
रोड-शो की झलकियां सोशल मीडिया (X) पर साझा करते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि 2026 का यह चुनाव केवल सरकार बदलने के लिए नहीं, बल्कि बंगाल की 'आत्मा' को बचाने के लिए है। उन्होंने कहा आसनसोल की जनता का यह जनसैलाब स्पष्ट संदेश दे रहा है कि ममता दीदी का जाना और टीएमसी की विदाई अब निश्चित है। यह चुनाव बंगाल को सिंडिकेट राज, भ्रष्टाचार, भय, हिंसा और तुष्टीकरण से मुक्त कराने का चुनाव है।
महिलाओं के लिए 'गारंटी' की बौछार
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भाजपा की ओर से महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए कई महत्वपूर्ण चुनावी वादों को गिनाया:
-
गर्भवती महिलाओं को सहायता: प्रसव के दौरान ₹21,000 की आर्थिक मदद।
-
बेटियों की शिक्षा: छात्राओं की पढ़ाई के लिए ₹50,000 की सहायता राशि।
-
लखपति दीदी अभियान: 75 लाख महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य।
-
मुफ्त इलाज: महिलाओं को ₹5 लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा।
-
आवास और राशन: प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के घर और गरीब परिवारों को मुफ्त राशन।

4 मई के बाद होगा हिसाब
टीएमसी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि जनता के साथ अन्याय करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, "जिन्होंने बंगाल को लूटा है और माताओं-बहनों को डराया है, 4 मई (परिणाम का दिन) के बाद कानून अपना काम करेगा और एक-एक पाई का हिसाब लिया जाएगा।"
आसनसोल दक्षिण का चुनावी कैलकुलेशन
इस बार आसनसोल दक्षिण सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प है। भाजपा से वर्तमान विधायक अग्निमित्रा पॉल मैदान में हैं। TMC के पूर्व विधायक तापस बनर्जी को उम्मीदवार बनाया गया है।
