CM रेखा गुप्ता का बड़ा  ऐलान-1300 श्रद्धालुओं को सोमनाथ के दर्शन के लिए भेजेगी सरकार

punjabkesari.in Monday, Apr 27, 2026 - 05:24 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को बताया कि "सोमनाथ स्वाभिमान पर्व - सोमनाथ यात्रा" के तहत 1300 श्रद्धालुओं को लेकर सोमनाथ के दर्शन कराने के लिए एक विशेष ट्रेन 30 अप्रैल को यहां से रवाना होगी। इस यात्रा को सनातन संस्कृति और अपनी आध्यात्मिक जड़ों से जुड़ने का पावन अवसर बताते हुए गुप्ता ने कहा कि सोमनाथ धाम भगवान शिव की अनंत कृपा, सनातन आस्था और भारत की अमर सांस्कृतिक चेतना का दिव्य प्रतीक है।

<

>

मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "हमारी सरकार द्वारा दिल्लीवासियों के लिए "सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-सोमनाथ यात्रा" का आयोजन किया जा रहा है। यह पावन पहल सोमनाथ स्वाभिमान पर्व - 1000 वर्षों की अखंड आस्था को समर्पित है।" गुप्ता ने बताया कि 30 अप्रैल को दिल्ली के 1300 श्रद्धालुओं को लेकर एक विशेष ट्रेन दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से सोमनाथ धाम के लिए रवाना होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ट्रेन अगले दिन सुबह सोमनाथ पहुंचेगी और एक, दो और तीन मई को श्रद्धालु बाबा सोमनाथ के दर्शन करेंगे तथा आसपास स्थित अन्य मंदिरों के भी दर्शन करेंगे।

उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल दर्शन की यात्रा नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, भारतीय परंपरा और अपनी आध्यात्मिक जड़ों से जुड़ने का पावन अवसर है। मुख्यमंत्री ने कहा, "सोमनाथ की कृपा से सनातन मूल्यों का प्रकाश बढ़े, संस्कृति समृद्ध हो और जनसेवा का भाव सुदृढ़ हो, यही हमारी प्रार्थना और प्रतिबद्धता है।" गुप्ता के मुताबिक, श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था गुजरात सरकार द्वारा की जाएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News