दिल्ली को मिला बड़ा तोहफा, CM रेखा गुप्ता ने 200 ई-बसों को दिखाई हरी इंडी
punjabkesari.in Friday, Apr 17, 2026 - 02:56 PM (IST)
नेशनल डेस्क: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को पूर्वी विनोद नगर डिपो से 200 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद कहा कि उनकी सरकार दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन को पूरी तरह से इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) में बदलने के लिए मिशन मोड में काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कहा कि इन बसों के शामिल होने से राजधानी में सार्वजनिक परिवहन के बेड़े में शामिल 6,300 बसों में से इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 4,550 हो गई है।

गुप्ता ने दिल्ली-रोहतक अंतरराज्यीय बस सेवा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और मदनपुर खादर बस टर्मिनल एवं पूर्वी विनोद नगर डिपो में एक नए भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि ई-बसें विकसित दिल्ली के लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद करेंगी और प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई में भी सहायक होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) हर महीने नयी बसें चला रहा है या नए कार्यालयों के उद्घाटन कर रहा है। उन्होंने कहा, ''हमारी पूरी सरकार दिल्ली में बेहतर सरकारी कार्यालयों के लिए काम कर रही है, जिससे अंततः एक बेहतर शहर के निर्माण में मदद मिलेगी।''

गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की इलेक्ट्रिक वाहन नीति देश में सबसे प्रभावी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी पिछले कई वर्षों से वायु प्रदूषण की समस्या से जूझ रही है, लेकिन पिछली सरकारों ने कोई उचित योजना नहीं बनाई। दिल्ली में प्रदूषण-मुक्त सार्वजनिक परिवहन की दिशा में एक और बड़ा कदम। मुख्यमंत्री 'एक्स' पर कहा, ''हमारी सरकार मिशन मोड में दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन को पूरी तरह ईवी में परिवर्तित करने की दिशा में कार्य कर रही है। दिल्ली में ईवी बसों की संख्या 4500 से अधिक हो चुकी है और 2026 के अंत तक इसे 7000 तक पहुंचाने का लक्ष्य है।'
