IMD Heavy Rain Alert: इन 5 राज्‍यों में भारी से बहुत भारी बारिश, दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ा, IMD का Red Alert

punjabkesari.in Wednesday, Aug 27, 2025 - 08:10 AM (IST)

नेशनल डेस्क: देश के कई हिस्सों में इन दिनों बारिश का मौसम लगातार बढ़ता जा रहा है और इससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र और गुजरात जैसे राज्यों में भारी बारिश ने कहर बरपा रखा है। पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश के चलते भूस्खलन और फ्लैश फ्लड जैसी घटनाएं हो रही हैं, जिससे नुकसान की खबरें आ रही हैं। खासकर जम्मू में भारी तबाही हुई है, जहां माता वैष्णो देवी के रास्ते पर भूस्खलन के कारण कई लोगों की जानें गई हैं और यात्रा पूरी तरह रोक दी गई है।

भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विभाग ने इन हालात को देखते हुए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतते हुए घरों में रहने की अपील की है। हिमाचल प्रदेश में भी मौसम विभाग ने तेज बारिश की संभावना जताई है। पूर्वी भारत के राज्यों पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है, जबकि बिहार और झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। वर्तमान में यमुना का जलस्तर 204.55 मीटर तक पहुंच चुका है, जो चेतावनी स्तर से थोड़ा ऊपर है। अगर यह स्तर 206 मीटर तक पहुंचता है तो प्रशासन प्रभावित इलाकों से लोगों को निकालने के लिए कदम उठाएगा। यमुना के जलस्तर में वृद्धि के पीछे वजीराबाद और हथिनीकुंड बैराज से छोड़े जा रहे भारी पानी की मात्रा जिम्मेदार है। हालांकि, आज शाम तक जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आने की संभावना जताई जा रही है। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बादलों का जमावड़ा बना हुआ है और बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

इन राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना
आगामी 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा ओडिशा, आंध्र प्रदेश के उत्तरी तट, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, मराठवाड़ा, गुजरात और कोंकण-गोवा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर, अंडमान-निकोबार, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्से, उत्तराखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र और लक्षद्वीप में भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। वहीं पश्चिमी राजस्थान, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पूर्वी उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, केरल और सौराष्ट्र- कच्छ में हल्की बारिश हो सकती है।

जम्मू के जैन बाजार क्षेत्र में बारिश के कारण भारी नुकसान हुआ है। यहां एक पूरा मकान गिर गया, जबकि आसपास के कई मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है, लेकिन हालात ऐसे हैं कि घरों में रहना भी खतरे से खाली नहीं है। प्रभावित परिवारों ने अपनी स्थिति को लेकर चिंता जताई है और कहा है कि वे अपने घरों को नहीं छोड़ना चाहते, चाहे हालात कितने भी खराब क्यों न हों। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है, लेकिन लगातार हो रही बारिश से नुकसान बढ़ने का खतरा बना हुआ है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News