''किसी भी हालत में पंजाब की शांति भंग नहीं होने देंगे'', अमृतपाल की गिरफ्तारी पर बोले संजय सिंह
punjabkesari.in Sunday, Apr 23, 2023 - 01:08 PM (IST)

नेशनल डेस्क: खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह को पंजाब के मोगा जिले से रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया। वह एक महीने से अधिक समय से फरार था। इसके साथ ही अब अमृतपाल को असम की डिब्रूगढ़ जेल ले जाया जाएगा। अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी पर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने पंजाब पुलिस और पंजाब की भगवंत मान सरकार की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि, 'पंजाब की आप सरकार किसी भी हालात में पंजाब की शांति भंग नहीं होने देगी।'
पंजाब की “आप” सरकार किसी भी हालत में पंजाब की शांति भंग नहीं होने देगी। लोगों की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। हमने दिखा दिया कि ज़रूरत पड़ने पर लोगों के लिए हम सख़्त से सख़्त कदम लेने की भी हिम्मत रखते हैं। सब लोग शांति बनाये रखें। pic.twitter.com/GpbpY5em4N
— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) April 23, 2023
आप सांसद संजय सिंह ने एक वीडियो जारी कर कहा कि, ''आप' सरकार कभी भी पंजाब की शांति को भंग नहीं होने देगी। राज्य की सुरक्षा ही हमारे लिए सर्वोपरि है। हमारी सरकार ने यह दिखा दिया है कि जरूरत पड़ने पर हम सख्त से सख्त कदम उठाने की भी हिम्मत रखते हैं। इसके साथ ही आप नेता संजय सिंह ने जनता से इस मामले को लेकर शांति बनाए रखने और भ्रमाक खबरों पर ध्यान न देने की अपील की है।
अमृतपाल को चारों तरफ से घेर लिया गया था : पंजाब पुलिस
पंजाब पुलिस ने मोगा जिले के रोडे गांव में कट्टरपंथी उपदेशक अमृतपाल सिंह को घेर लिया था जिससे उसके फरार होने की कोई गुंजाइश नहीं थी। पंजाब पुलिस महानिरीक्षक सुखचैन सिंह गिल ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अमृतपाल को रासुका के तहत असम के डिब्रूगढ़ ले जाया गया है। गिल ने कहा, ‘‘अमृतपाल सिंह के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के वारंट जारी किए गए और आज सुबह इन्हें तामील किया गया। कानून अपना काम करेगा।'' पंजाब पुलिस ने अमृतपाल सिंह को एक महीने से अधिक समय से फरार रहने के बाद सुबह करीब छह बजकर 45 मिनट पर रोडे गांव से गिरफ्तार कर लिया।
गिल ने कहा, ‘‘अमृतसर पुलिस और पंजाब पुलिस की खुफिया इकाई ने एक संयुक्त अभियान चलाया। पंजाब पुलिस को उसके रोडे गांव में होने का पता चला था। उसे चारों तरफ से घेर लिया गया था, पंजाब पुलिस ने गांव को घेर लिया था।'' पुलिस ने गुरुद्वारे की पवित्रता बनाए रखने के लिए उसमें प्रवेश नहीं किया। अमृतपाल इसी गुरुद्वारे में मौजूद था। पुलिस महानिरीक्षक ने कहा, ‘‘(गुरद्वारा की) पवित्रता बनाए रखने के लिए पुलिस गुरुद्वारे में नहीं घुसी और वह जानता था कि अब वह भाग नहीं सकता क्योंकि पंजाब पुलिस ने उसे घेर लिया है। पंजाब पुलिस ने चारों ओर से गांव को घेर लिया था।'' मृतक आतंकवादी जरनैल सिंह भिंडरावाले रोडे गांव से था और अमृतपाल सिंह को इस गांव में एक कार्यक्रम में ‘वारिस पंजाब दे' संगठन का प्रमुख नियुक्त किया गया था।