‘हनी ट्रैप’: पूजा-नेहा, प्रिया और दीपा की ‘फ्रैंड रिक्वैस्ट’ स्वीकार न करें पुलिस कर्मी...सीमा हैदर मामले के बाद पर अलर्ट

punjabkesari.in Sunday, Aug 13, 2023 - 11:30 AM (IST)

जालंधर (नरेंद्र मोहन): पाकिस्तानी महिला सीमा गुलाम हैदर (Seema Ghulam Haider) पुलिस और जांच एजेंसियों के लिए अभी भी पहेली बनी हुई है। क्या सीमा गुलाम हैदर को पाकिस्तान ने हनी ट्रैप के लिए तैयार किया है या वह जासूस है, ऐसे बहुत से सवाल है जिनके जवाब अबी नहीं मिल पाए हैं। लेकिन इन सबके बीच पुलिसकर्मियों को अलर्ट कर दिया गया है कि वे हनी ट्रैप (Honey Trap) को लेकर सतर्क रहें। खबर है कि रक्षा अनुसंधान के वैज्ञानिक, सैन्य अधिकारियों और अन्य सुरक्षा कर्मचारियों की गुप्त फाइलों में सेंध लगाने के बाद पाकिस्तान की खुफिया हसीनाओं ने अब भारत के सीमांत राज्य पंजाब में पुलिस को ‘हनी ट्रैप’ में फांसने की योजना बनाई है। इसी आशंका के चलते पंजाब पुलिस ने अपने कर्मचारियों को सावधान किया है। 

 

सावधान रहें पुलिस कर्मी

स्पैशल डी.जी.पी. (आंतरिक सुरक्षा) ने सभी पुलिस कर्मचारियों से सोशल मीडिया पर पूजा, नेहा, प्रिया, दीपा इत्यादि नाम से बने 14 अकाउंट और इन्हीं नामों से बात करने वाली अज्ञात सुंदरियों से दूर रहने की सलाह दी है। पुलिस को आशंका है कि पाकिस्तान की खुफिया एजैंसी आई.एस.आई. द्वारा संचालित ऐसे सोशल मीडिया अकाऊंट की मार्फत ‘इंफैक्टेड फाइल’ भेजकर डाटा हैकिंग की जा सकती है। पुलिस कर्मचारियों से उक्त महिलाओं के नाम वाले और अन्य अज्ञात लोगों की ‘फ्रैंड रिक्वैस्ट’ भी स्वीकार नहीं करने को कहा गया है।

 

‘हनी ट्रैप’ के लिए कुछ विशेष यूनिटें

पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान की खुफिया एजैंसी ने अपना ‘डिजिटल जाल’ फैलाना शुरू किया हुआ है। सूत्रों के अनुसार आई.एस.आई. ने ‘हनी ट्रैप’ के लिए कुछ विशेष यूनिटें तैयार की हैं जिनमें हिंदू व सिख रीति-रिवाज की जानकारी रखने वाली लड़कियों को भर्ती किया गया है। जब पाकिस्तानी एजैंसी के आपरेटिव, वॉयस ओवर इंटरनैट प्रोटोकॉल और अन्य तकनीक का इस्तेमाल करके बात करते हैं तो यह नहीं पता चलता कि वे कहां से बोल रहे हैं। यहीं से हनी ट्रैप का खेल शुरू होता है।

 

कई मामले आए सामने

गत वर्ष ही लुधियाना से गिरफ्तार किए एक व्यक्ति जसविंद्र सिंह से ऐसी ही जानकारी मिली थी जो बठिंडा की (वास्तव में पाकिस्तान की) एक लड़की के हनी ट्रैप में फंसकर न केवल जानकारियां दे रहा था बल्कि उसकी एंट्री भी व्हाट्सएप ग्रुपों में करवा रहा था। पुलिस को उसके पास पाकिस्तान से भेजी गई राशि का विवरण भी मिला। 

 

सितम्बर, 2021 में भी बठिंडा से हनी ट्रैप में फंसा एम.ई.एस. का एक कर्मचारी पुलिस ने पकड़ा था। अभी इसी 11 जुलाई को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पाकिस्तानी हसीना के हनी ट्रैप में फंसे गृह मंत्रालय में तैनात नवीन पाल नामक कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया। 

 

सूत्रों के अनुसार केंद्रीय खुफिया एजैंसियों ने पंजाब को इस नए खतरे के लिए आगाह किया है। पंजाब पुलिस द्वारा राज्य भर में सभी जिला पुलिस को भेजे निर्देश पत्र में पाकिस्तान की उन हसीनाओं के नाम, मोबाइल नंबर, फेसबुक आई.डी. भी दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News