31 साल की उम्र में ₹21,190 संपत्ति का मालिक, कौन हैं अरविंद श्रीनिवास?
punjabkesari.in Thursday, Oct 02, 2025 - 07:28 AM (IST)

नेशनल डेस्क: भारत की युवा प्रतिभा एक बार फिर वैश्विक स्तर पर अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रही है। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में जन्मे और पले-बढ़े अरविंद श्रीनिवास ने केवल 31 साल की उम्र में वो कर दिखाया है, जो करोड़ों युवाओं का सपना होता है। Perplexity AI के को-फाउंडर और CEO अरविंद श्रीनिवास अब भारत के सबसे युवा अरबपति बन चुके हैं। उनकी कुल संपत्ति ₹21,190 करोड़ आँकी गई है, और इसी दम पर उन्होंने M3M Hurun India Rich List 2025 में धमाकेदार एंट्री कर ली है।
कौन हैं अरविंद श्रीनिवास?
अरविंद एक तकनीकी प्रतिभा के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने IIT मद्रास से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में ड्यूल डिग्री ली और इसके बाद कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी, बर्कले से कंप्यूटर साइंस में PhD पूरी की। पढ़ाई के बाद उन्होंने एआई क्षेत्र की दिग्गज कंपनियों—Google, DeepMind और OpenAI—में काम किया, जहां से उन्हें न केवल उन्नत तकनीकी ज्ञान मिला बल्कि AI की दुनिया को व्यावसायिक रूप से समझने का अनुभव भी।
क्या है Perplexity AI?
अरविंद श्रीनिवास द्वारा स्थापित Perplexity AI एक एडवांस्ड कंवर्सेशनल सर्च इंजन है, जो Google Gemini और ChatGPT जैसे बड़े नामों को टक्कर दे रहा है। यह प्लेटफॉर्म यूजर्स को पारंपरिक सर्च इंजन के मुकाबले ज्यादा इंटरैक्टिव और सटीक जानकारी देता है। बीते कुछ वर्षों में कंपनी ने जबरदस्त ग्रोथ की है और वैश्विक टेक्नोलॉजी स्पेस में अपनी अलग पहचान बनाई है।
हुरुन रिपोर्ट ने क्या कहा?
Hurun Report ने अरविंद की उपलब्धियों को भारत के तकनीकी भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण संकेत माना है। रिपोर्ट में कहा गया: “अरविंद श्रीनिवास का भारत के सबसे युवा अरबपति के रूप में उभरना यह दर्शाता है कि भारत अब सर्विस-बेस्ड अर्थव्यवस्था से आगे बढ़कर डीप-टेक और प्रोडक्ट इनोवेशन की दिशा में अग्रसर है।”
हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में शामिल अन्य युवा अरबपति
इस साल की लिस्ट में अरविंद अकेले नहीं हैं। उनके साथ कई अन्य युवा भारतीय भी इस प्रतिष्ठित सूची का हिस्सा बने हैं:
कैवल्य वोहरा (Zepto, 22 वर्ष) — ₹4,480 करोड़
आदित पलिचा (Zepto, 23 वर्ष) — ₹5,380 करोड़
रितेश अग्रवाल (OYO, 31 वर्ष) — ₹14,400 करोड़
रोहन गुप्ता (SG Finserve, 26 वर्ष) — ₹1,140 करोड़
शाश्वत नाकरानी (BharatPe, 27 वर्ष) — ₹1,340 करोड़
त्रिशनीत अरोड़ा (TAC Security, 30 वर्ष) — ₹1,820 करोड़
क्यों है अरविंद की सफलता खास?
अरविंद की सफलता सिर्फ एक वित्तीय उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह दर्शाती है कि भारत के युवा अब केवल सेवा क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं। वे AI जैसी अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी में भी न केवल भागीदारी निभा रहे हैं, बल्कि वैश्विक मंच पर नेतृत्व कर रहे हैं।