पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने किया चौंकाने वाला दावा- अगर भारत में युद्ध लगा तो सऊदी अरब करेगा मदद !
punjabkesari.in Saturday, Sep 20, 2025 - 01:18 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर भारत पाकिस्तान पर हमला करता है, तो सऊदी अरब पाकिस्तान की मदद करेगा। उनका कहना है कि हाल ही में पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच एक खास समझौता हुआ है, जिसमें यह बात शामिल है।
नाटो समझौते जैसा है ये नई डील
ख्वाजा आसिफ ने इस समझौते की तुलना नाटो (NATO) के अनुच्छेद 5 से की है। नाटो का रुल है कि अगर किसी एक सदस्य देश पर हमला होता है, तो उसे सभी सदस्य देशों पर हमला माना जाएगा और सभी मिलकर उसका मुकाबला करेंगे। पाकिस्तानी मंत्री ने बताया कि यह समझौता रक्षा के लिए है, न कि किसी पर हमला करने के लिए। अगर पाकिस्तान या सऊदी अरब पर कोई खतरा आता है, तो दोनों मिलकर उसका सामना करेंगे।
परमाणु हथियार भी होंगे उपलब्ध?
ख्वाजा आसिफ ने यह भी दावा किया कि इस समझौते के तहत पाकिस्तान के परमाणु हथियार भी सऊदी अरब के लिए उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि हमारी परमाणु क्षमताएं इस समझौते में शामिल हैं। वहीं एक न्यूज़ एजेसी के मुताबिक एक सऊदी अधिकारी ने कहा कि यह समझौता एक व्यापक रक्षा समझौता है, जिसमें सभी तरह के सैनिक साधन शामिल हैं।
भारत की प्रतिक्रिया
इस समझौते पर भारत ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। भारत सरकार का कहना है कि यह समझौता पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच पहले से चल रही व्यवस्था को ही औपचारिक रूप देता है। भारत इस समझौते के परिणामों पर नजर रख रहा है। कुछ सैन्य विशेषज्ञों का मानना है कि यह समझौता सऊदी अरब के पैसे और पाकिस्तान के परमाणु हथियारों को आपस में जोड़ता है, जो दोनों देशों के लिए एक बड़ी बात है।