एक साल पूरा होने पर CM रेखा गुप्ता ने बताया कैसे ''मिशन मोड'' में बदली राजधानी की तस्वीर

punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 02:36 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने अपनी सरकार का एक साल पूरा होने पर राजधानी के विकास और जन कल्याणकारी योजनाओं का खाका पेश किया है। रविवार को एक संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि पिछले 12 महीनों में दिल्ली सरकार ने मिशन मोड में काम करते हुए गरीबों और श्रमिकों के लिए कई क्रांतिकारी कदम उठाए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में दिल्ली अब एक आधुनिक और सुरक्षित शहर बनने की ओर अग्रसर है।

महिलाओं के लिए सफर होगा सुरक्षित

मुख्यमंत्री ने दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मेट्रो नेटवर्क का यह विस्तार न केवल दिल्ली की कनेक्टिविटी बढ़ाएगा, बल्कि इससे कामकाजी महिलाओं के लिए दैनिक यात्रा पहले से कहीं अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगी।

PunjabKesari

सरकार की प्राथमितकताओं का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा

सरकार की प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि 'आयुष्मान भारत' योजना को लागू करना, यमुना नदी को प्रदूषण मुक्त बनाना और लैंडफिल साइट्स (कूड़े के पहाड़) को खत्म करना उनकी सरकार के मुख्य एजेंडे में शामिल है। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं पर युद्ध स्तर पर काम चल रहा है।

70 अटल कैंटीन और 'लाडली योजना' का लाभ

मुख्यमंत्री ने बताया कि "सबका साथ, सबका विकास" के मंत्र पर चलते हुए दिल्ली में 70 अटल कैंटीन शुरू की गई हैं। इन कैंटीनों के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 70,000 गरीब और मजदूर मात्र नाममात्र के शुल्क पर गरिमापूर्ण भोजन कर रहे हैं। इसके अलावा, 'लाडली योजना' के तहत सरकार ने करीब 70,000 बेटियों के खातों में 200 करोड़ रुपये की लंबित राशि हस्तांतरित की है। उन्होंने कहा कि "मेरी पूंजी, मेरा अधिकार" के तहत यह सुनिश्चित किया गया कि जो पैसा सालों से खातों में फंसा था, वह सीधे लाभार्थियों तक पहुंचे।

PunjabKesari

50 साल बाद नया ड्रेनेज मास्टर प्लान किया तैयार

दिल्ली में जलभराव और प्रदूषण की समस्या पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि का जिक्र करते हुए बताया कि दिल्ली के लिए नया ड्रेनेज मास्टर प्लान तैयार कर लिया गया है। लगभग 50 वर्षों के बाद तैयार किया गया यह प्लान राजधानी को जलभराव की पुरानी समस्या से मुक्ति दिलाने में मील का पत्थर साबित होगा।

डिजिटल दिल्ली की ओर बढ़ते कदम

पारदर्शिता और तकनीक पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने ई-फाइल सिस्टम, डिजिटल अस्पताल रिकॉर्ड, ऑनलाइन ओपीडी बुकिंग और 'सीएम जन सुनवाई ऐप' जैसी पहलों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि डिजिटलीकरण से भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है और सरकारी सेवाएं सीधे जनता तक पहुँच रही हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News