50 खोखे, एकदम ओके... नारेबाजी के बीच महाराष्ट्र विधानसभा में भिड़े शिंदे और उद्धव गुट के विधायक (VIDEO)

punjabkesari.in Wednesday, Aug 24, 2022 - 12:56 PM (IST)

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का समर्थन कर रहे शिवसेना विधायकों और कुछ विपक्षी विधायकों ने मुंबई में विधान भवन की सीढ़ियों पर बुधवार को एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के विधायक शिवसेना-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन की सरकार पर तंज कसने के लिए गाजर लेकर आए थे। 


शिंदे गुट के विधायकों ने राकांपा विधायकों से गाजर छीनने की कोशिश की जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए। इसके बाद दोनों पक्षों के कुछ विधायकों ने बीच-बचाव कर तनाव को शांत किया। दोनों पक्षों के सदस्य कुछ देर तक एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करते रहे और फिर कार्यवाही में शामिल होने के लिए सदन में चले गए। पहली बार विधानभवन की सीढ़ियों पर सत्तापक्ष और विपक्ष एक दूसरे के आमने-सामने भिड़ गए। इसके बाद उद्धव गुट के विधायक विधानसभा प्रांगण में शिंदे गुट के खिलाफ '50 खोखे, एकदम ओके' जैसी नारेबाजी करने लगे और दोनों गुट आपस में भिड़ गए।

राज्य विधानसभा का मानसून सत्र बृहस्पतिवार को संपन्न होगा। शिंदे और शिवसेना के 39 विधायकों ने जून में पार्टी नेतृत्व के खिलाफ बगावत कर दी थी। इसके बाद उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना, राकांपा व कांग्रेस की महा विकास आघाड़ी गठबंधन सरकार गिर गई थी। इसके बाद शिंदे ने 30 जून को मुख्यमंत्री पद की और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anil dev

Related News