चार साल के बेटे के सामने मां को चाकू से गोद डाला

punjabkesari.in Saturday, Jun 29, 2019 - 11:57 AM (IST)

नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): एकतरफा प्यार में एक सनकी आशिक ने ब्यूटीशियन महिला को उसके चार साल के मासूम बच्चे के सामने ही चाकू से गोद डाला।  महिला बचने के लिए घर से बाहर भागी तो आरोपी ने घर के नीचे भी पीछा किया और तब तक चाकू मारता रहा जब तक वह मर नहीं गई। इसके बाद सनकी आशिक ने खुद भी गर्दन पर चाकू से हमला कर अपनी जान देने की कोशिश की लेकिन उसे लोगों ने पकड़ लिया। बताया जाता है आशिक ने 12 से अधिक चाकू घोंपे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए एम्स ट्रामा में भर्ती कराया,जहां पर डाक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। जबकि आरोपी सनी की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल मालवीय नगर पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर डीसीपी समेत आलाधिकारी भी पहुंच गए।
 PunjabKesari

डीसीपी विजय कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुुए बताया कि मृतक महिला की पहचान पिंकी के रूप में हुई है। वह अपने पति और चार साल के बेटे के साथ चिराग दिल्ली में किराए पर रहती थी। पिंकी अपना पार्लर चलाती थी। पिंकी का पति एक निजी कंपनी में मैकेनिक का काम करता है। शुक्रवार सुबह करीब 9:50 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि किसी महिला को चाकू मार दिया। सूचना के बाद जब मौके पर पुलिस पहुंची तो देखा कि एक महिला और एक शख्स खून से लथपथ पड़े हैं। लड़के के हाथ में चाकू था। महिला के शरीर पर चाकू से कई बार वार किया गया था। वहीं, युवक ने अपने गर्दन पर चाकू मार खुद को बुरी तरह से जख्मी कर लिया था। पुलिस टीम दोनों को एम्स ट्रामा सेंटर लेकर पहुंची जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए अस्पताल में रखवा दिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है। 

‘पापा यह तो मर गई है, किसी ने चाकू मार दिया’
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त पिंकी का पति घर से बाहर गया था जब वह वापस आया तो देखा कि गली में खून से लथपथ पिंकी पड़ी है। चारों तरफ लोग खड़े होकर बस तमाशा देख रहे हैं। वह अपने पिता को फोन कर बस यही बोले जा रहा था कि पापा पिंकी तो मर गई। उसे किसी ने चाकू मार दिया है। हालांकि तब तक मौके पर पुलिस भी पहुंच चुकी थी।

PunjabKesari

तमाम लोगों के सामने मारे चाकू
जब सनी महिला पर गली में चाकू से हमला कर रहा था तब आसपड़ोस के लोग वहां पर मौजूद थे। लेकिन किसी ने भी महिला की मदद नहीं की। लोग सिर्फ तमाशबिन बनकर देखते रहे। बताया जा रहा है कि पिंकी पर चाकू से इतने बार वार किया गया था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। अभी तक शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है।  पुलिस का कहना है कि सनी की हालत गंभीर बनी हुई है। उसके होश में आने के बाद ही सही कारणों का पता चलेगा। मामला प्रेम प्रसंग का है या इसके अलावा कोई अन्य कारण है। पुलिस हर दृष्णिकोण से मामले की जांच में जुटी हुई है। 

12 दिन पहले ही रहने आए थे नए मकान में 
पिंकी की मकान मालकिन सुषमा भारद्वाज ने बताया कि दंपति अपने चार साल के बच्चे के साथ 16 जून को ही उनके मकान में रहने के लिए आए थे। 20 जून को कमरे में सामान रखा। वह लोग दो से तीन दिन भी उस कमरे में नहीं रहे और मकान खाली करने की बात कहने लगे। उन्होंने अभी किराया भी नहीं दिया था। जब घटना हुई वह अपने कमरे में थी। शोर-शराबा सुनकर जब बाहर आई तो देखा कि एक लड़का और पिंकी खून से लथपथ घर के बाहर पड़े थे। उन्होंने बताया कि पहली बार उन्होंने उस लड़के को देखा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vasudha

Recommended News

Related News