IMD Rain Alert: 9, 10 और 11 मार्च के दौरान कई राज्यों में बारिश के साथ आंधी का अलर्ट जारी, अगले 2 दिनों में पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय
punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 01:10 PM (IST)
Weather Update: देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 9, 10 और 11 मार्च के दौरान कई राज्यों में गर्मी से राहत मिल सकती है। इस दौरान तेज आंधी, गरज-चमक और मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने आज 9 मार्च को गंगा के मैदानी पश्चिमी बंगाल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, बिहार, सिक्किम और ओडिशा के कुछ हिस्सों में गरज और बिजली गिरने की संभावना जताई है। इसी तरह का मौसम आज तटीय आंध्र प्रदेश, केरल और माहे के कुछ हिस्सों में भी खराब रहने की संभावना है।

इसी के साथ ही मौसम विभाग ने आगे अगले दो दिनों के दौरान हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और गुजरात में लू चलने की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग के अनुसार, गुजरात, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में आज गर्म और उमस भरा दिन रहने की उम्मीद है।
वहीं, बिहार के कुछ हिस्सों में आने वाले दिनों में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सोमवार को पटना जिले में एक या दो स्थानों पर छिटपुट गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना है। विभाग ने बिहार के 32 जिलों में गरज, बारिश और छिटपुट बिजली गिरने की व्यापक चेतावनी जारी की है।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य के उत्तरपूर्वी क्षेत्र के सात जिलों में गरज के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है, जबकि दक्षिणपूर्वी क्षेत्र के कई जिलों में भी बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। पूर्वानुमान के अनुसार, मंगलवार को दक्षिणपूर्वी बिहार के पांच जिलों और उत्तरपूर्वी बिहार के सात जिलों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। बुधवार तक, इसी तरह का मौसम उत्तर बिहार के 14 जिलों तक फैल सकता है। रविवार को राज्य भर में तापमान में उतार-चढ़ाव देखा गया, कई शहरों में अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट आई, जबकि न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई।
अगले दो दिनों में पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय
पहाड़ी राज्यों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ऊंचाई वाले इलाकों में भी मौसम खराब होने की आशंका जताई गई है। हालांकि जम्मू-कश्मीर में अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर दर्ज किया गया है, लेकिन अगले दो दिनों में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से मौसम में बड़ा बदलाव आएगा।
पूर्वोत्तर की बात करें तो 10 मार्च को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की बारिश और बिजली गिरने का अनुमान है, जबकि 11 मार्च को केरल और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भी मौसम करवट ले सकता है।
राजस्थान से महाराष्ट्र तक 'Heat-Wave' का टॉर्चर
एक तरफ जहां बारिश की तैयारी है, वहीं राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के कोंकण इलाके में 'हीटवेव' यानी लू का अलर्ट जारी कर दिया गया है। राजस्थान के पिलानी में तो पारा 40.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो इस सीजन का अब तक का काफी ऊंचा स्तर है। बाड़मेर और मध्य प्रदेश में भी तापमान 39 से 40 डिग्री के आसपास झूल रहा है, वहीं दिल्ली में भी 35.6 डिग्री सेल्सियस के साथ गर्मी का अहसास बढ़ने लगा है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों से आ रही गर्म और खुश्क हवाओं ने मैदानी इलाकों का तापमान बढ़ा दिया है। हवा की दिशा बदलकर अब पश्चिम और उत्तर-पश्चिम हो गई है, जिससे धूप की तपिश और ज्यादा तीखी महसूस हो रही है।
