IMD Weather Report: 20, 21, 22 और 23 अप्रैल तक इन राज्यों में Heatwave का अलर्ट, पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 12:51 PM (IST)
IMD Heatwave Alert: अप्रैल महीने की शुरूआत जहां बारिशों और ठंडे मौसम के साथ हुई वहीं अब चिलचिलाती गर्मी की भी तैयारी कर दें। बता दें कि उत्तर और मध्य भारत के बड़े हिस्से में आने वाले दिनों में लू चलने की संभावना है, जबकि पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ-साथ गरज और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। IMD ने 19 अप्रैल 2026 की अपनी ताज़ा मौसम बुलेटिन में देश के अलग-अलग हिस्सों में बेहद अलग मौसम परिस्थितियों की चेतावनी जारी की है।
IMD के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत के कई हिस्सों में गर्मी का असर और बढ़ेगा। आईए देखते है कहां कैसा रहेगा मौसम...
-20 अप्रैल को पश्चिम मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में कुछ स्थानों पर हीटवेव की स्थिति रह सकती है।
-पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और पूर्वी मध्य प्रदेश में 23 अप्रैल तक लू (Heatwave) चलने की संभावना है।
-पश्चिम उत्तर प्रदेश में 20 से 22 अप्रैल तक तेज गर्मी का असर रहेगा।
-पश्चिम राजस्थान में 20 से 23 अप्रैल तक लगातार हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।
-पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और ओडिशा में 21 से 23 अप्रैल के बीच लू चलने की चेतावनी दी गई है।
-झारखंड में 20 और 21 अप्रैल को गर्म हवाओं का असर रहेगा। IMD ने यह भी बताया कि अगले कुछ दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। पूर्वी भारत में भी 21 अप्रैल तक तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ने का अनुमान है।

जहां एक तरफ देश के कई हिस्सों में तेज गर्मी है, वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम पूरी तरह बदला हुआ रहेगा।
-अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 23 अप्रैल तक हल्की से मध्यम और कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
-नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 22 अप्रैल तक बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अनुमान है।
-अरुणाचल प्रदेश में 20 और 21 अप्रैल को बहुत भारी बारिश की संभावना है।
-भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, यातायात बाधा, भूस्खलन और बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।
-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र (जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड) में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाएं चल सकती हैं।
-महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं।
IMD के अनुसार वर्तमान मौसम परिवर्तन पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) जैसी मौसम प्रणालियों के कारण हो रहा है, जो पूरे देश के मौसम को प्रभावित कर रही हैं।
