IMD Rain Alert: 40 डिग्री तापमान में बड़ी राहत: 24-25-26 अप्रैल से 15 से अधिक राज्यों में बारिश का अलर्ट
punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 12:57 PM (IST)
India Weather Update: देशभर में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। IMD के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान तथा पाकिस्तान के आसपास साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की वजह से देश के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर रहेगा। इसके चलते उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के मैदानी इलाकों में अगले चार से पांच दिनों तक भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना है। वहीं पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में कई जगहों पर बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।
दिल्ली में मौसम फिलहाल गर्म बना रहेगा
25 अप्रैल तक भीषण गर्मी और लू का असर जारी रहने की संभावना है। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है और रातें भी गर्म रहेंगी। हालांकि 26 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव शुरू होगा और 29 अप्रैल तक बादल छाने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। तापमान में हल्की गिरावट भी देखने को मिलेगी, लेकिन अगले कुछ दिनों तक सामान्य से अधिक गर्मी बनी रहेगी।
24 से 26 अप्रैल के बीच इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी
पंजाब, हरियाणा और आसपास के इलाकों में भी मौसम करवट लेगा। 24 से 26 अप्रैल के बीच जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि हिमाचल और उत्तराखंड में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। 26 से 28 अप्रैल के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर भारत में मौसम अधिक सक्रिय रहेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर भारी बारिश और तेज आंधी की स्थिति भी बन सकती है। खासकर अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय में कई दिनों तक भारी बारिश का अनुमान है।
पूर्वी भारत जैसे बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में भी आंधी-तूफान और बारिश का दौर देखने को मिलेगा। कहीं-कहीं तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना ज्यादा है।
दक्षिण भारत में भी मौसम मिला-जुला रहेगा। केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट भी जारी किया गया है। कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी। कुल मिलाकर देश के एक बड़े हिस्से में गर्म हवाओं और लू का असर रहेगा, जबकि पूर्वोत्तर, पूर्वी और दक्षिण भारत के कुछ क्षेत्रों में बारिश और आंधी-तूफान का दौर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
