Heavy Rain Alert: अगले 5 दिनों तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी, IMD ने इन राज्यों में जारी किया हाई अलर्ट
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 06:12 PM (IST)
नेशनल डेस्क: देशभर में अप्रैल के आखिरी दिनों में मौसम ने अचानक करवट ली है। भीषण गर्मी के बीच कई इलाकों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश ने प्री-मानसून की दस्तक का संकेत दे दिया है। India Meteorological Department (IMD) के मुताबिक, आने वाले 3 से 4 दिनों में मौसम का यह बदलता मिजाज जारी रहेगा और कई राज्यों में बारिश व आंधी-तूफान देखने को मिलेंगे। वहीं एल नीनो से भारत में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून (जून से सितंबर) कमजोर पड़ जाएगा, लेकिन प्री-मॉनसून के फेज में मौसम अस्थिर रहता है। इसी वजह से 6 दिन भीषण गर्मी के बाद बारिश प्री-मानूसन एक्टिविटी है।
प्री-मानसून एक्टिव, मौसम रहेगा अस्थिर
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों तक देश में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहेंगी। प्रभाव से प्रशांत महासागर का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है, जिससे मौसम में अस्थिरता बढ़ी है। यही वजह है कि कुछ दिनों की भीषण गर्मी के बाद अचानक बारिश और आंधी देखने को मिल रही है। हालांकि, इसका असर आगे चलकर दक्षिण-पश्चिम मानसून को कमजोर कर सकता है।
मई के अंत तक प्री-मानसून रहेगा
IMD के मुताबिक, उत्तर और मध्य भारत में मार्च से जून के बीच प्री-मानसून का दौर रहता है। इस दौरान हीट डोम जैसे हालात बनते हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ता है। लेकिन बीच-बीच में बारिश से राहत भी मिलती है। अनुमान है कि मई के अंत तक प्री-मानसून पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। अंडमान सागर में 18 से 20 मई के बीच मानसून पहुंच सकता है, जबकि केरल में इसकी एंट्री 1 जून तक होने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग ने बताया है कि 2 मई से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से उत्तर भारत में गर्मी और लू से कुछ राहत मिलेगी। साथ ही पूर्वोत्तर भारत में तेज हवाओं (40-60 किमी/घंटा) के साथ हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है।
लू और उमस की चेतावनी
राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, ओडिशा, तेलंगाना, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और सौराष्ट्र-कच्छ जैसे क्षेत्रों में 2 मई तक गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है। वहीं उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्म रातें भी परेशान कर सकती हैं।
पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में बारिश का दौर
अगले 5 दिनों तक पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। पूर्वी भारत के बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी हल्की बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा, जबकि पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
उत्तर-पश्चिम भारत में भी बदलेगा मौसम
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 2 से 4 मई के बीच बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी आंधी-बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिलेगा। उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है।
दक्षिण भारत में तूफान-बारिश की चेतावनी
IMD के अनुसार, दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तेलंगाना, केरल, माहे, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तटीय कर्नाटक में 2 मई तक हल्की बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं भारी बारिश होने की चेतावनी भी रहेगी। गरज, चमक के साथ तेज हवाएं (30-50 किमी प्रति घंटा) चलने की संभावना है। कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है।
दिल्ली में तापमान में उतार-चढ़ाव
राजधानी दिल्ली में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। हाल ही में रात का तापमान असामान्य रूप से ज्यादा दर्ज किया गया, लेकिन अब 29 अप्रैल से 4 मई के बीच अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। 1 और 2 मई को मौसम साफ रह सकता है, जबकि 3 और 4 मई को बारिश के आसार हैं। इस दौरान तापमान में पहले गिरावट और फिर हल्की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। कुल मिलाकर, देशभर में प्री-मानसून की सक्रियता के चलते अगले कुछ दिनों तक मौसम बदलता रहेगा कहीं गर्मी और उमस, तो कहीं बारिश और आंधी-तूफान लोगों को प्रभावित करेंगे।
