कन्नड़ सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री सरोजा देवी का निधन, 87 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

punjabkesari.in Monday, Jul 14, 2025 - 12:47 PM (IST)

नेशनल डेस्क : दक्षिण भारतीय सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री बी. सरोजा देवी का सोमवार को निधन हो गया। वह 87 वर्ष की थीं। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, उनका निधन बेंगलुरु के मल्लेश्वरम स्थित उनके घर पर हुआ। बताया जा रहा है कि वे पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं।

कन्नड़ सिनेमा की पहली महिला सुपरस्टार

बी. सरोजा देवी को कन्नड़ फिल्मों की पहली महिला सुपरस्टार माना जाता है। उन्होंने महज 17 साल की उम्र में 1955 में कन्नड़ फिल्म 'महाकवि कालिदास' से अपने करियर की शुरुआत की थी। पहली ही फिल्म में उनके अभिनय को सराहा गया और उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला।

तमिल फिल्मों में भी खूब मिली पहचान

सरोजा देवी को तमिल फिल्मों में भी काफी लोकप्रियता मिली। उन्हें प्यार से 'कन्नड़तु पैंगिली' यानी 'कन्नड़ का तोता' कहा जाता था। 1958 में आई तमिल फिल्म 'नादोडी मन्नान', जिसमें उन्होंने एम.जी. रामचंद्रन के साथ काम किया, ने उन्हें तमिल सिनेमा की शीर्ष अभिनेत्रियों में शामिल कर दिया। इसके बाद उन्होंने कई हिट तमिल फिल्मों में अभिनय किया।

शादी के बाद भी जारी रहा फिल्मी सफर

1967 में शादी के बाद भी उनका फिल्मी करियर रुका नहीं। खासतौर पर तमिल फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें लगातार काम मिलता रहा। उन्हें उनके शानदार अभिनय के लिए 'अभिनय सरस्वती' की उपाधि भी दी गई थी।

कई यादगार फिल्मों में किया काम

बी. सरोजा देवी ने कन्नड़ सिनेमा की कई प्रसिद्ध फिल्मों में अभिनय किया, जिनमें कित्तूर चेन्नम्मा, अन्ना थम्मा, भक्त कनकदास, बाले बंगारा, नागकन्निके, बेट्टादा हूवु और कस्तूरी निवास जैसी फिल्में शामिल हैं। उनके अभिनय ने दशकों तक दर्शकों के दिलों पर राज किया।

बेंगलुरु में होगा अंतिम संस्कार

सूत्रों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार बेंगलुरु में किया जाएगा। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग और फैंस देशभर से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी उनके निधन की खबर से शोक की लहर है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News