विपक्षी गठबंधन INDIA की बैठक में आज अहम फैसले लिए जाएंगे, कर सकते है LOGO का ऐलान, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें
punjabkesari.in Friday, Sep 01, 2023 - 05:27 AM (IST)

नेशनल डेस्क: विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' के शीर्ष नेताओं ने 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मुकाबला करने के लिहाज से ठोस खाका खींचने और घटक दलों के बीच सहयोग पर विचार-विमर्श करने के लिए बृहस्पतिवार शाम को यहां अनौपचारिक बैठक की। शुक्रवार यानि आज होने वाली ‘इंडिया' की बैठक में भविष्य की रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिये जा सकते हैं। इस मीटिंग में विपक्ष 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए अपने लोगो का ऐलान कर सकते है। ‘इंडिया' की यह पहली बैठक है जो ऐसे राज्य में हो रही है जहां इस गठबंधन का एक भी घटक दल सत्ता में नहीं है।
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें-
सौर मिशन की आज से उलटी गिनती शुरू: इसरो प्रमुख
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष एस. सोमनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि अंतरिक्ष एजेंसी देश के महत्वाकांक्षी सौर मिशन ‘आदित्य-एल1' का दो सितंबर होने वाले प्रक्षेपण के लिए तैयारी कर रही है और इसके प्रक्षेपण की उलटी गिनती कल से शुरू होगी। इस मिशन को दो सितंबर को पूर्वाह्न 11.50 बजे श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केंद्र से प्रक्षेपित किया जाना है। आदित्य-एल1 अंतरिक्ष यान को सूर्य के परिमंडल के दूरस्थ अवलोकन और एल1 (सूर्य-पृथ्वी लैग्रेंजियन बिंदु) पर सौर हवा का वास्तविक अध्ययन करने के लिए डिजाइन किया गया है।
भाजपा परेशान है, उसने कभी नहीं सोचा था कि इतने सारे दल एक साथ आएंगे
कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा ने विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया' की आलोचना करने के लिए बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और कहा कि भगवा पार्टी इसलिए “परेशान” है क्योंकि इसने उम्मीद नहीं की थी कि विभिन्न राज्यों की इतनी सारी पार्टियां एक साथ आ सकती हैं। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को हो रही बैठक के आयोजन में शामिल देवड़ा ने उम्मीद जतायी कि गठबंधन का दायरा बढ़ेगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने यहां महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में कहा, “मुझे यकीन है कि हर कोई संविधान को मजबूत बनाना चाहता है।
जो 2014 में आए थे, वह 2024 में चले जाएंगे: अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जनता को धोखा देने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को दावा किया कि वर्ष 2024 में उसकी सत्ता से विदाई हो जाएगी। यादव ने विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (इंडिया) की बैठक में शिरकत के लिए मुंबई जाने से पहले यहां संवाददाताओं से कहा, "मुझे खुशी है कि ‘इंडिया' गठबंधन की बैठकें लगातार हो रही हैं। पूरे देश की जनता को भरोसा है कि यह गठबंधन तैयार होगा और भाजपा देश की सत्ता से बाहर हो जाएगी।"
मणिपुर में फिर हिंसा, पिछले 72 घंटों में गई पांच लोगों की जान
मणिपुर के बिष्णुपुर और चुराचांदपुर जिलों में पिछले 72 घंटों के दौरान कुकी और मेइती के बीच लगातार गोलीबारी के कारण कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने कहा कि बिष्णुपुर जिले के खोइरेंटक तलहटी और चुराचांदपुर जिले के चिंगफेई और खौसाबुंग इलाकों में दोनों समूहों के बीच गोलीबारी जारी है। उन्होंने कहा कि हिंसा 29 अगस्त को शुरू हुई जब खोइरेंटक क्षेत्र में भारी गोलीबारी के बाद लगभग 30 वर्षीय एक ग्रामीण स्वयंसेवी की मौत हो गई।
चंद्रमा पर आया भूकंप? ISRO ने किया बड़ा खुलासा
चंद्रमा की सतह पर प्रज्ञान रोवर का ‘सर्च ऑपरेशन’ जारी है। रोवर चंद्रमा पर मौजूद तत्वों से लेकर उसकी गतिविधियों के हर दिन नए-नए खुलासे कर रहा है। इसरो (ISRO) ने गुरूवार को बड़ा अपडेट दिया है। इसरो ने गरूवार को कहा, “चंद्रयान-3 लैंडर पर रंभा-एलपी पेलोड द्वारा दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र पर सतह चंद्र प्लाज्मा वातावरण इंगित करता है कि वहां प्लाज्मा अपेक्षाकृत विरल है। इस बीच, चंद्र भूकंपीय गतिविधि का अध्ययन करने के लिए चंद्रयान 3 लैंडर पर आईएलएसए पेलोड ने न केवल रोवर और अन्य पेलोड की गतिविधियों को रिकॉर्ड किया है, बल्कि 26 अगस्त को एक घटना भी दर्ज की है, जो प्राकृतिक प्रतीत होती है।
मंत्रालय को बम से उड़ाने की मिली धमकी
मुंबई में महाराष्ट्र सरकार के एक मंत्रालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सीएम से बात नही कराने पर मंत्रालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। मुंबई पुलिस का कहना है, ''मंत्रालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा कॉल आया था। जब उन्हें सीएम एकनाथ शिंदे से बात नहीं करने दी गई तो उन्होंने धमकी दी कि मंत्रालय में बम है। मुंबई पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पुलिस ने बताया कि कॉल अहमदनगर जिले के निवासी बालकृष्ण द्वारा किया गया है। यह पहली बार नहीं है, जब मुंबई मंत्रालय बम से उड़ाने की धमकी मिली हो। 15 दिन पहले भी मंत्रालय को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है।
'कुर्सी एक, दावेदार अनेक', PM पद को लेकर INDIA गठबंधन में घमासान
‘एक अनार सौ बीमार’ ये कहावत आजकल इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के दलों पर फिट बैठ रही है। मुंबई में आयोजित होने वाली तीसरी बैठक से पहले इंडिया गठबंधन में प्रधानमंत्री पद के कई दावेदार सामने आए हैं। समाजवादी पार्टी (SP), जनता दल यूनाइटेड (JDU) से लेकर करीब आधा दर्जन पार्टी के नेताओं ने अपने नेता को प्रधानमंत्री पद का उपयुक्त दावेदार बताया है। कांग्रेस की ओर से राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राहुल गांधी को पीएम पद का उम्मीदवार बताया है।
रेलवे को मिली पहली महिला चेयरमैन
केंद्र सरकार ने गुरुवार को जया वर्मा सिन्हा को रेलवे बोर्ड की पहली महिला CEO एवं अध्यक्ष नियुक्त किया। वह अनिल कुमार लाहोटी की जगह लेंगी। रेलवे बोर्ड, राष्ट्रीय ट्रांसपोर्टर के लिए निर्णय लेने वाली शीर्ष संस्था है। जया वर्मा ने रेलवे बोर्ड की सदस्य (संचालन और व्यवसाय विकास) के रूप में हाल में ओडिशा के बालासोर में हुई भीषण ट्रेन दुर्घटना के बाद जटिल सिग्नल प्रणाली के बारे में मीडिया को बताया था। इस हादसे में लगभग 300 लोगों की मौत हो गई थी।