देशभर में बारिश का कहर, IMD ने कई राज्यों में भारी वर्षा का अलर्ट किया जारी
punjabkesari.in Saturday, Jul 12, 2025 - 01:23 PM (IST)

नेशनल डेस्क: देशभर में मानसून सक्रिय रूप में नजर आ रहा है और कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज शनिवार, 12 जुलाई के लिए राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी वर्षा की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने विभिन्न राज्यों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान-मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना
आईएमडी के अनुसार, आज राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब और विदर्भ क्षेत्र में भी भारी वर्षा का पूर्वानुमान है।
दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे, यलो अलर्ट जारी
राजधानी दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।आसमान में बादल छाए रहेंगे और बिजली चमकने की भी चेतावनी दी गई है। पूरे एनसीआर के लिए येलो अलर्ट लागू है।
यलो अलर्ट जारी
गुरुग्राम में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। 9 जुलाई की शाम से शुरू हुई बारिश ने अब तक 133 मिमी वर्षा दर्ज की है। बारिश से जुड़ी घटनाओं में 8 लोगों की मौत हो चुकी है। गुरुग्राम, रोहतक, फरीदाबाद और झज्जर में ऑरेंज अलर्ट, जबकि हिसार, भिवानी, रेवाड़ी, मेवात, पलवल और यमुनानगर में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल में भूस्खलन और सड़कें बंद, SEOC ने चेताया
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बादल फटने से 208 सड़कें बंद हो चुकी हैं। कांगड़ा और सिरमौर जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जबकि मंडी, हमीरपुर, ऊना और बिलासपुर में यलो अलर्ट लागू है। 13 से 15 जुलाई के बीच कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना, जबकि 12 और 16 जुलाई को भी बौछारें पड़ सकती हैं। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र ने बाढ़ और भूस्खलन की आशंका जताई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
उत्तराखंड और हिमाचल में भारी वर्षा की दूसरी लहर की आशंका
उत्तराखंड और हिमाचल पहले से ही सामान्य से अधिक वर्षा झेल चुके हैं। अब 12 से 16 जुलाई के बीच एक और मौसम प्रणाली के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे 13 और 14 जुलाई को बारिश चरम पर हो सकती है। पहाड़ों में भूमि पहले ही गीली है और नदियां उफान पर हैं, जिससे बाढ़ और भूस्खलन जैसी घटनाओं का जोखिम बढ़ गया है। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।
महाराष्ट्र के कई जिलों में अलर्ट
12 जुलाई को नागपुर, भंडारा, गोंदिया, गढ़चिरौली, चंद्रपुर और वर्धा में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। इन इलाकों के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, मुंबई में मॉनसून सुस्त पड़ा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 10 दिनों तक भारी बारिश की संभावना नहीं है। 13 और 14 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश कुछ स्थानों पर हो सकती है।