Cold Wave Alert: अगले 5 दिन इन राज्यों में चलेगी शीतलहर, IMD ने जारी किया अलर्ट, कड़ाके की ठंड में ठिठुरेगा देश
punjabkesari.in Monday, Dec 22, 2025 - 03:45 PM (IST)
नेशनल डेस्क: देशभर में सर्दी अब अपना असर तेज़ी से दिखाने लगी है। कई राज्यों में तापमान लगातार नीचे गिर रहा है, जिससे ठंड का एहसास और गहराता जा रहा है। अभी तक कुछ इलाकों में सुबह और रात के समय ही ठिठुरन महसूस हो रही थी, लेकिन आने वाले दिनों में हालात और सख्त हो सकते हैं। इसी को देखते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए अगले पांच दिनों का शीतलहर अलर्ट जारी किया है।
उत्तर-पश्चिम भारत में कड़ाके की ठंड
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में अगले पांच दिनों तक शीतलहर चलने की संभावना है। राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में तापमान काफी नीचे जा सकता है, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ेगा और लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ सकता है।
दक्षिण भारत में भी बढ़ेगी ठंड
आमतौर पर गर्म माने जाने वाले दक्षिण भारत में भी सर्दी का असर दिखने लगा है। मौसम विभाग ने दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना के कई हिस्सों में अगले पांच दिनों तक शीतलहर की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में ठंडी हवाओं के चलते तापमान सामान्य से कम रह सकता है।
पूर्वी और मध्य भारत में भी अलर्ट
IMD ने मध्य प्रदेश, ओडिशा, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कई जिलों के लिए भी शीतलहर का पूर्वानुमान जताया है। आने वाले दिनों में इन राज्यों में ठंड बढ़ने के साथ लोगों को खास सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
पश्चिम भारत में ठंड का असर
मौसम विभाग के अनुसार महाराष्ट्र के मध्य जिलों में भी अगले पांच दिनों के दौरान शीतलहर चल सकती है। इससे इन क्षेत्रों में सुबह और रात के समय ठंड और ज्यादा महसूस की जाएगी।
उत्तर-पूर्व भारत में कोहरे का खतरा
उत्तर-पूर्वी राज्यों में ठंड के साथ-साथ घने कोहरे की भी चेतावनी दी गई है। मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा और नागालैंड के कई इलाकों में सुबह के समय दृश्यता कम रह सकती है, जिससे आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है।
