Cold Wave Alert: क्रिसमस तक इन राज्यों में कोहरे और शीतलहर... घरों से बाहर निकलने से पहले हो जाएं सावधान

punjabkesari.in Saturday, Dec 20, 2025 - 08:18 PM (IST)

नेशनल डेस्क: देश के कई हिस्सों में सर्दी का असर और तेज होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 21 दिसंबर की सुबह तक उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कुछ इलाकों में रात और सुबह के समय बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा 25 से 27 दिसंबर के दौरान पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग क्षेत्रों में, 26 और 27 दिसंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तथा 22, 26 और 27 दिसंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे की आशंका जताई गई है। 21 और 22 दिसंबर को झारखंड और 21 दिसंबर की सुबह तक मध्य प्रदेश में भी घना कोहरा छा सकता है।

उत्तराखंड में 22 दिसंबर को कोहरे का कहर

मौसम विभाग का कहना है कि 22 दिसंबर को उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की प्रबल संभावना है। वहीं 25 दिसंबर की सुबह तक पूर्वोत्तर भारत के अलग-अलग इलाकों में भी कोहरे का असर देखा जा सकता है। 21 दिसंबर को पश्चिम बंगाल और सिक्किम, 23 दिसंबर को झारखंड, 21 से 23 दिसंबर के दौरान बिहार और 21 व 22 दिसंबर को ओडिशा में भी मौसम की स्थिति चुनौतीपूर्ण रह सकती है।

कई राज्यों में शीतलहर का अलर्ट

मौसम विभाग ने शीतलहर को लेकर भी चेतावनी जारी की है। 21 और 23 से 25 दिसंबर के दौरान हिमाचल प्रदेश, 24 और 25 दिसंबर को उत्तराखंड, 21 और 24 दिसंबर को पंजाब, 22 और 24 दिसंबर को हरियाणा तथा 22 और 25 दिसंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शीतलहर की संभावना है। वहीं 23 और 25 दिसंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश, 21 दिसंबर को पूर्वोत्तर राजस्थान, 22 दिसंबर को मध्य प्रदेश और 21 व 22 दिसंबर को छत्तीसगढ़ में भी ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है।

महाराष्ट्र से तेलंगाना तक ठंड की दस्तक

21 और 22 दिसंबर को मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग इलाकों में शीतलहर की स्थिति रहने की बहुत संभावना है। 23 दिसंबर को उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भी ठंड तेज हो सकती है। इसके अलावा 21 से 23 दिसंबर के दौरान तेलंगाना में शीतलहर की प्रबल आशंका जताई गई है।

कुछ इलाकों में गंभीर शीतलहर के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक 21 और 22 दिसंबर को उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में शीतलहर से लेकर गंभीर शीतलहर की स्थिति बन सकती है। वहीं 21 दिसंबर को बिहार में ठंडे दिन जैसी स्थिति रहने की संभावना है। इसके साथ ही 21 दिसंबर को उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में ठंड से लेकर भीषण ठंड पड़ने के आसार जताए गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News