Cold Wave Alert: अगले 48 घंटों के लिए बारिश, कोहरे और भयंकर शीतलहर का अलर्ट जारी, इस राज्य में सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित
punjabkesari.in Friday, Dec 19, 2025 - 11:11 AM (IST)
नेशनल डेस्क: उत्तर भारत में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 से 48 घंटों के लिए कोहरे और कोल्ड डे अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, पहाड़ी क्षेत्रों में 18 दिसंबर को नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होगा, जिससे बारिश और बर्फबारी की संभावना बढ़ जाएगी। इसके बाद 20 दिसंबर को दूसरा पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में प्रवेश करेगा, जिससे इन राज्यों में और अधिक ठंड बढ़ सकती है।
हरियाणा-पंजाब में बारिश और तेज सर्द हवाएं
IMD ने चेतावनी दी है कि नए मौसम सिस्टम के चलते हरियाणा और पंजाब में 20 व 21 दिसंबर को बारिश होने की संभावना है। तेज हवाओं के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे ठंड का प्रभाव और बढ़ जाएगा। मध्य भारत में शीतलहर और घना कोहरा लोगों के लिए परेशानी बढ़ा सकता है।
बिहार और पटना में कोहरे का असर, स्कूलों पर प्रभाव
बिहार में 19 जिलों में घना कोहरा देखा गया है। सारण जिले में आज सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई। पटना में स्कूलों की समय-सारिणी बदल दी गई है और 25 दिसंबर तक सुबह 9 बजे से शाम 4.30 बजे तक ही स्कूल खुलेंगे। कोहरे के कारण पटना में 8 फ्लाइट्स रद्द हो गई हैं, जबकि दर्जनों ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं।
UP और मध्य प्रदेश में ठंड और कोहरे का सितम
उत्तर प्रदेश में भीषण कोहरे और ठंड का असर महसूस किया जा रहा है। बरेली, लखनऊ, अयोध्या, गोंडा समेत 20 जिलों में सर्दी के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन के लिए अलर्ट जारी किया है।
मध्य प्रदेश के मालवा और निमाड़ क्षेत्रों में ठंड लगातार बनी हुई है। इंदौर और उज्जैन में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। प्रदेश के 13 शहरों में घना कोहरा रहा और दिल्ली से इंदौर, भोपाल आने वाली कई ट्रेनें देरी से चलीं।
राजस्थान में शीतलहर, तापमान में गिरावट
राजस्थान में शीतलहर और न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण नागौर में तापमान 3.6 और सीकर में 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 18-22 दिसंबर के बीच पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं, हालांकि बारिश का कोई विशेष अलर्ट अभी नहीं है।
सावधानियां और आम जनजीवन पर असर
IMD ने आम जनता से सलाह दी है कि ठंड और कोहरे के चलते सुबह और रात के समय यात्रा करते समय सावधानी बरतें। विशेषकर पहाड़ी इलाकों और खुले मैदानों में ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें। वहीं, बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को बाहर निकलने में अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
