Heavy Rain Alert: 17-18-19 फरवरी तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना, IMD ने जारी किया हाई अलर्ट
punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 12:05 PM (IST)
नेशनल डेस्क: सर्दी का असर कम होते ही उत्तर भारत के मौसम में एक बार फिर बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। ठंड घटने के साथ तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, लेकिन इसी बीच कई राज्यों में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। (आईएमडी) के अनुसार 17 और 18 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं भी चलने की संभावना है। वहीं 18 और 19 फरवरी को मध्य प्रदेश में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। इसके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 17 से 19 फरवरी के बीच वर्षा का अनुमान जताया गया है।
दिल्ली-एनसीआर का हाल
सोमवार, 16 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ रहने का अनुमान है। सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्की धुंध देखी जा सकती है। दिन का अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। अगले दिन राजधानी में बादल छाने और सुबह के समय कोहरा रहने के आसार हैं। तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रह सकती है।
उत्तर प्रदेश में बढ़ेगा तापमान
उत्तर प्रदेश में मौसम धीरे-धीरे गर्म हो रहा है। बीच-बीच में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ जिलों में बादल, हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ सहित कई शहरों में तापमान बढ़ रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो हफ्तों में अधिकतम तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे पारा 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना है।
आज आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह और रात में हल्की ठंडक महसूस होगी, जबकि दोपहर में गर्मी बढ़ेगी। अगले दो-तीन दिनों तक कोई मजबूत मौसम तंत्र सक्रिय नहीं होने से ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि 17 और 18 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है।
बिहार में सामान्य हो रहा मौसम
उत्तर प्रदेश से सटे बिहार में भी मौसम सामान्य होता दिखाई दे रहा है। सुबह के समय हल्की धुंध रह सकती है, लेकिन दिन में धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी। फिलहाल न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि फरवरी के मध्य तक राज्य में मौसम सामान्य बना रहेगा, हालांकि सुबह और देर रात हल्की ठंड बनी रह सकती है। कुल मिलाकर, सर्दी का असर कम हो रहा है, लेकिन आने वाले दिनों में बारिश और बदलते मौसम के कारण उत्तर भारत में हलचल बनी रह सकती है।
