Heavy Rain Alert: फिर बदलेगा मौसम! गरज-चमक के साथ होगी बारिश, चलेंगी तेज हवाएं, IMD का इन राज्यों में अलर्ट

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 07:13 PM (IST)

नेशनल डेस्कः देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के चलते ठंड ने एक बार फिर वापसी कर ली है। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को मार्च में ही सर्दी का एहसास होने लगा है। IMD ने गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी दी है। 

दिल्ली में बीते दो दिनों तक सूरज के दर्शन नहीं हुए। आसमान में बादल छाए रहे, ठंडी हवाएं चलती रहीं और हल्की बारिश के साथ सुबह के समय धुंध भी देखने को मिली। मौसम में आए इस बदलाव के कारण लोगों को फिर से हल्के गर्म कपड़े पहनने पड़े। बीते दिन राजधानी का अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी कम है।

दिल्ली में आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान 3 से 4 डिग्री और बढ़ने की संभावना है। हालांकि, अगले एक-दो दिनों तक तापमान सामान्य से नीचे बना रह सकता है। 23 मार्च को राजधानी में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इसके बाद 27 मार्च तक आसमान में आंशिक रूप से बादल बने रह सकते हैं।

<

>

पश्चिमी विक्षोभ का असर जारी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, इस समय एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ पंजाब से लेकर उत्तरी छत्तीसगढ़ तक हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश के क्षेत्रों को प्रभावित कर रहा है। इसके अलावा, 22 मार्च से एक और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में प्रवेश कर सकता है, जबकि 26 मार्च से एक नया और प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से देश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले एक सप्ताह तक दिन का तापमान सामान्य से कम रहने का अनुमान है और फिलहाल लू चलने की संभावना नहीं है।

अन्य राज्यों में मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, 23 और 26 मार्च को हिमाचल प्रदेश में तथा 23 मार्च को उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। पूर्वोत्तर भारत में 24 मार्च को असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं 22 से 24 मार्च के बीच उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

दक्षिण भारत की बात करें तो 22 मार्च को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। 22 से 24 मार्च के बीच मध्य महाराष्ट्र और 23-24 मार्च को मराठवाड़ा में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, केरल, माहे, कोंकण, गोवा और तटीय कर्नाटक में 22 और 23 मार्च के दौरान गर्म और उमस भरा मौसम बने रहने की संभावना जताई गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News