Heavy Rain Alert: 28-29-30-31 मार्च तक भारी बारिश मचाएगी तांडव, IMD ने इन राज्यों में जारी किया हाई अलर्ट
punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 04:32 PM (IST)
नेशनल डेस्क: देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्री-मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ कई राज्यों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। अब देश में प्री-मानसून तेवर दिखाएगा। इसी बीच India Meteorological Department (IMD) ने 28, 29, 30 और 31 मार्च को देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
उत्तर-पश्चिम भारत में तेज असर
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में प्री-मानसून का असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। इस दौरान 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, धूल भरी आंधी आने और बिजली गरजने की चेतावनी जारी की गई है।
दक्षिण भारत में भी बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, पुडुचेरी, माहे, कराईकल और यनम में भी 28 से 31 मार्च के बीच भारी बारिश की संभावना जताई गई है। यहां 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
पश्चिम भारत में भी बदलेगा मौसम
पश्चिम भारत के मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, सौराष्ट्र, कच्छ और गुजरात में भी प्री-मानसून का असर दिखेगा। इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ धूल भरी आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाओं का अनुमान है।
उत्तर-पूर्व भारत में भी चेतावनी
असम, मिजोरम, मेघालय, मणिपुर, त्रिपुरा और नागालैंड में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
लोगों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, खुले इलाकों में जाने से बचने और बिजली गिरने के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। प्री-मानसून की यह सक्रियता आने वाले दिनों में मौसम को और अधिक अस्थिर बना सकती है, जिससे कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है।
