Heavy Rain Warning: बदलेगा मौसम का मिजाज! इन राज्यों में अगले चार दिन तक मूसलाधार बारिश की चेतावनी
punjabkesari.in Friday, Nov 07, 2025 - 09:08 AM (IST)
नेशनल डेस्क। जहां एक ओर समूचे उत्तर भारत में पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू होने के साथ ही सर्दियों का आगाज़ हो चुका है वहीं दक्षिण भारत में मौसम का मिजाज इसके विपरीत है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने केरल और तमिलनाडु समेत कई दक्षिणी राज्यों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अगले चार दिनों तक इन राज्यों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है।
केरल और तमिलनाडु में रेड अलर्ट जैसी स्थिति
IMD के नवीनतम पूर्वानुमान के अनुसार दक्षिणी राज्यों में एक सशक्त मौसमी सिस्टम सक्रिय हो गया है। 6 से 8 नवंबर तक तमिलनाडु में कई स्थानों पर भारी वर्षा का अनुमान है। 8 से 10 नवंबर तक केरल और माहे में अधिकांश जगहों पर हल्की से भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 6-7 नवंबर को गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।

इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
इस मजबूत मौसमी सिस्टम के कारण देश के अन्य हिस्सों में भी वर्षा की संभावना है:
-
वर्षा वाले राज्य: 6, 7 और 8 नवंबर को पंजाब, कर्नाटक, तमिलनाडु, त्रिपुरा, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, यनम और रायलसीमा में झमाझम बारिश होगी।
-
तूफानी चेतावनी: IMD ने इन क्षेत्रों में तेज हवाओं, आंधी और बिजली गरजने का भी अलर्ट जारी किया है।
-
पश्चिम भारत: 6 नवंबर को कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में बिजली चमकने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: Bollywood से आई दुखद खबर! इस मशहूर सिंगर और एक्ट्रेस ने दुनिया को कहा अलविदा
तापमान में गिरावट से बढ़ेगी ठिठुरन
जहां दक्षिण में बारिश होगी वहीं देश के अन्य भागों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी:
-
मध्य भारत: अगले 48 घंटों में 2-4 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज होगी।
-
पूर्वी उत्तर प्रदेश: अगले 24 घंटों में यहाँ तापमान 2-4 डिग्री तक गिर सकता है।
-
पूर्वी भारत: यहां पहले 2-3 डिग्री की गिरावट आएगी जिसके बाद तापमान स्थिर हो जाएगा।
-
पश्चिम और गुजरात: इन क्षेत्रों में अगले 4-5 दिनों में 2-3 डिग्री की गिरावट संभावित है।

पिछले 24 घंटों का हाल
पिछले 24 घंटों के दौरान भी कई राज्यों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। तमिलनाडु के तिरुपुवनम में सबसे अधिक 12 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि तंजावुर और अरियालुर में 8 सेंटीमीटर बारिश हुई। आंध्र प्रदेश, केरल और पूर्वोत्तर राज्यों के कई हिस्सों में भी वर्षा हुई है। असम, मेघालय और हिमाचल प्रदेश में कोहरे के कारण विजिबिलिटी प्रभावित हुई।
